केराकत में बाल विवाह मुक्त बनाने का लिया गया संकल्प
बाल विवाह रूकवाने वाली बेटियों को किया गया सम्मानित
.सरायबीरू, बेहड़ा व अकबरपुर में बाल विवाह विरोधी दिवस पर हुआ कार्यक्रम
तेजस टूडे सं.
विनोद कुमार
केराकत, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सरायबीरू, बेहड़ा व अकबरपुर ग्राम में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस पर आस्था महिला एवं बाल विकास संस्था ने भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ जागरूकता मार्च निकाला। मार्च में करीब 600 लोगों ने बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ लिये तत्पश्चात आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान अपना बाल विवाह रुकवाने वाली बहादुर बेटियों को सम्मानित किया गया।
विदित हो कि आस्था महिला एवं बाल विकास संस्था बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्यरत देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की सहयोगी संस्था है। संस्था पिछले 3 वर्षों से स्थानीय प्रशासन और समुदायों के सहयोग से बाल विवाह रोकने एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी विजय पाण्डेय, डॉ. एस.के. सिंह, निशा सोनकर समेत पुरोहितों, मौलवियों, हलवाइयों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट व्यवसाइयों और प्रिंटिंग प्रेस संचालक मौजूद रहे।
बाल विवाह मुक्त बनाना बच्चियों के अधिकार दिलाने की है लड़ाई: संतोष
संस्था के निदेशक संतोष पाण्डेय ने कहा कि “बाल विवाह के खिलाफ लड़ाई केवल एक सामाजिक कुरीति को समाप्त करने की नहीं, बल्कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और अपने भविष्य का निर्णय लेने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही भारत को 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकता है।”












