सांसद राजेश वर्मा की निजी कोष से करायी गयी गाद सफाई का दिखने लगा असर
जलस्तर में 6 इंच की गिरावट, एक सप्ताह में खेतों से पानी निकलने की उम्मीद

तेजस टूडे ब्यूरो
सुमलेश कुमार
खगड़िया, बिहार। जिले के इटवा स्लुइस गेट के पास जमा गाद की सफाई का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। सांसद राजेश वर्मा की पहल पर उनके निजी कोष से कराई गई गाद सफाई के बाद लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। स्लुइस गेट के साथ बड़े नाले की भी सफाई कराई गई है जिसके कारण रुका हुआ पानी अब तेजी से निकलने लगा है।
स्थानीय किसानों के अनुसार सफाई कार्य पूरा होने के बाद जलनिकासी की रफ्तार में काफी तेजी आई है। जमा पानी के स्तर में करीब छह इंच की गिरावट दर्ज की गई है। पानी घटने से ऊंचाई वाले खेत अब दिखाई देने लगे हैं। लंबे समय से खेतों में पानी जमा रहने के कारण किसानों की खेती प्रभावित हो रही थी। अब जल निकासी की स्थिति देखकर किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही उनकी कृषि भूमि फिर से खेती योग्य हो सकेगी।
किसानों ने बताया कि इसी गति से पानी की निकासी जारी रही तो अगले एक सप्ताह के भीतर अलौली प्रखंड की बांध चातर पंचायत से लेकर खगड़िया के सोनमनकी तक जलजमाव वाले खेतों से पानी निकल सकता है। इससे क्षेत्र के किसानों को काफी राहत मिलेगी और वे आगामी फसल की तैयारी कर सकेंगे। किसानों ने इस पहल के लिए सांसद राजेश वर्मा के प्रति आभार जताया है। इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि पवन जायसवाल ने बताया कि उनकी टीम प्रतिदिन जलनिकासी की स्थिति और पानी निकलने की गति पर नजर रख रही है। वे स्वयं भी स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। इटवा स्लुइस गेट के पास जमा गाद हटाना आसान काम नहीं था लेकिन किसानों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सफाई कार्य शुरू कराया गया।
पवन जायसवाल ने कहा कि फिलहाल की गई सफाई किसानों को तात्कालिक राहत देने के उद्देश्य से कराई गई है लेकिन जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। इसके लिए सांसद राजेश वर्मा आगे भी प्रयास करेंगे। स्लुइस गेट के पास पक्के नाले का निर्माण कराया जाए तो जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकता है। सांसद राजेश वर्मा इस गंभीर समस्या को लेकर जल संसाधन मंत्री से भी वार्ता करेंगे, ताकि क्षेत्र के किसानों को बार-बार जलजमाव की समस्या से जूझना नहीं पड़े और स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। फिलहाल गाद सफाई के बाद पानी की निकासी तेज होने से किसानों के चेहरे पर राहत और उम्मीद दिखाई देने लगी है। किसानों को भरोसा है कि यदि जलस्तर में इसी तरह गिरावट जारी रही तो वर्षों से जल जमाव से प्रभावित उनकी जमीन जल्द ही खेती के लिए उपलब्ध हो सकेगी।







