अवध ओझा ने यूपीएससी अभ्यर्थियों को दिया सफलता का मंत्र
बोले– लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं निरन्तर अभ्यास ही सफलता की कुंजी
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। राष्ट्रवादी नौजवान सभा द्वारा UPSC सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से शनिवार को जिला पंचायत भवन, जौनपुर में विशेष शिक्षा सेमिनार ‘ज्ञान संवाद’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में देश के प्रख्यात शिक्षाविद, प्रसिद्ध इतिहास शिक्षक एवं सिविल सेवा परीक्षा के मार्गदर्शक अवध ओझा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया।
इस मौके पर श्री ओझा ने विद्यार्थियों को समझाया कि सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी केवल अधिक घंटे पढ़ने का नाम नहीं है, बल्कि सही रणनीति, विषयों की स्पष्ट समझ, नियमित अध्ययन और निरंतर आत्ममूल्यांकन इसके महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि सबसे पहले परीक्षा के पाठ्यक्रम और उसकी मांग को अच्छी तरह समझें तथा उसी के अनुरूप अपनी अध्ययन योजना तैयार करें।
उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains) और साक्षात्कार (Interview) की तैयारी को एक समग्र प्रक्रिया के रूप में देखने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को NCERT एवं मानक पुस्तकों के अध्ययन, समसामयिक घटनाओं से जुड़े रहने, नियमित रिवीजन, उत्तर लेखन के अभ्यास और मॉक टेस्ट के माध्यम से अपनी तैयारी का आकलन करने की सलाह दी।
श्री ओझा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखना चाहिए। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। धैर्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार प्रयास ही अभ्यर्थी को उसकी मंजिल तक पहुंचाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अवध ओझा जी के साथ शिक्षाविद एवं मार्गदर्शक नमन जैन, चंद्रमौली चौधरी, कनिष्क शेखर एवं अमित पाठक भी उपस्थित रहे। इनके साथ ही पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ अपने शैक्षणिक अनुभव साझा किए और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में UPSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षाविदों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य जौनपुर सहित आस—पास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। राष्ट्रवादी नौजवान सभा ने इस पहल के माध्यम से शिक्षा, संवाद और मार्गदर्शन को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।












