आप ने मनायी ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि
बभनौली एवं तुर्कौलिया में आयोजित हुये कार्यक्रम
समाज को शिक्षित एवं बेहतर बनाने का लिया संकल्प
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
धनघटा, संत कबीर नगर। आम आदमी पार्टी की ओर से धनघटा विधानसभा क्षेत्र के बभनौली गांव और तुर्कौलिया में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और समाज के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए संघर्षों एवं योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष दुर्विजय यादव और तिरंगा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष इं. जनक प्रसाद विशेष रूप से मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपना पूरा जीवन सामाजिक कुरीतियों, छुआछूत, भेदभाव और अशिक्षा के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज में समानता स्थापित करने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम माना और वंचित वर्गों को सम्मान एवं अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इं. जनक प्रसाद ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक शिक्षित, जागरूक और समानता पर आधारित समाज का निर्माण किया जा सकता है। वहीं जिलाध्यक्ष दुर्विजय यादव ने लोगों से उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता, शिक्षा और भाईचारे को मजबूत बनाने की अपील किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।











