घर की छत पर निकला जहरीला किंग कोबरा, मचा हड़कम्प
वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़कर जंगल में छोड़ा
तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। गोला वन रेंज के रजानगर पूर्वी बीट के मोहल्ला लक्ष्मीनगर कॉलोनी निवासी अश्वनी बाजपेई के घर में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब घर की छत पर जहरीला विशाल किंग कोबरा निकल आया। बताया जा रहा है कि सामने वाले घर के लोग सुबह छत पर कपड़े सुखाने गए थे तभी उन्हें अश्वनी बाजपेई की छत पर किंग कोबरा दिखाई दिया। तब उन्होंने इसकी सूचना घर वालों को दी। जानकारी होने पर मोहल्लेवासी भी एकत्रित होने लगे, घर वालों ने वन विभाग को सूचना दी। डिप्टी रेंजर अंकित बाबू के निर्देशन में फॉरेस्टर नैमिष वर्मा, सुरेश चन्द्र, गोविंद सिंह वाचर के साथ वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बड़ी सावधानी से सांप को पकड़ने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़कर बोरे में बंद कर जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया। सांप के जंगल में छोड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील किया कि सांप दिखने पर उसे मारने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें। सांप को पकड़ने का प्रयास खुद न करें, यह खतरनाक हो सकता है।











