आस्था एवं भक्ति के रंग में रंगने लगे गांव
छठ मैया के स्वागत में सजने लगे तालाब और घाट
तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
सिद्धौर, बाराबंकी। लोक आस्था, अटूट श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिद्धौर विकासखंड क्षेत्र के गांवों में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। घरों से लेकर तालाबों और घाटों तक छठ मैया के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में व्रती महिलाएं भगवान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना करती हैं।
इसी पावन भावना को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तालाबों और छठ घाटों की साफ-सफाई कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि छठ मैया की आराधना में लीन व्रती महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विकास खंड की सुसवाई ग्राम पंचायत में ग्राम प्रतिनिधि मोहम्मद उबैद उर्फ सानू, मदारपुर अमर सिंह में ग्राम प्रधान जितेंद्र कुमार उर्फ मीनू तथा बम्हौरा लोदी में प्रधान प्रतिनिधि राहुल सिंह सहित अन्य ग्राम पंचायतों में भी छठ पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेंद्र यादव ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर तालाबों और घाटों की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों को पर्व के दौरान स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये।











