बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिये विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित
तेजस टूडे ब्यूरो
मुम्बई। बच्चों में पढ़ने-लिखने और कला के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से महाकाली दर्शन सोसायटी, इमारत क्रमांक-6 की ओर से अंधेरी (पूर्व) के गुंदवली स्थित सोसायटी हॉल में विभिन्न प्रतियोगितां हुईं। इसमें चित्रकला, रंगोली, कैरम और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी प्रतियोगिताएं शामिल थीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान अतिथि और महाकाली दर्शन ‘अ’ सहकारी गृह निर्माण संस्था के अध्यक्ष विश्वनाथ खराडे ने बच्चों को पढ़ाई के महत्व और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें बताकर उनका मार्गदर्शन किया। साथ ही कहा कि आज के बच्चे कल का भविष्य हैं। उनके कंधों पर राष्ट्र की जिम्मेदारी है। बच्चे जितना अधिक पढ़ेंगे-लिखेंगे, देश उतनी ही तेजी से तरक्की करेगा। शिक्षा वह कुंजी है जिससे विकास के हर दरवाजे खोले जा सकते हैं।
सोसायटी के सचिव संदीप बरकड़े ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने का अवसर मिलता है। साथ ही सोसायटी के रहवासियों के बीच आपसी एकता, भाईचारा और आत्मीयता भी मजबूत होती है। अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर सोसायटी के संचालक वसंत गिरकर, दिनेश खेरगमकर, नंदू वारे, मारुति जोशी सहित बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक व सोसायटी के रहवासी उपस्थित थे।











