जमोहरा दोहरे हत्याकाण्ड में पुलिस ने की बड़ी कार्यवाही, चार आरोपी गिरफ्तार
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 आरोपियों को धनघटा थाना परिसर से गिरफ्तार किया गया जबकि चौथे आरोपी राकेश यादव को मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बौधरा ताल के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। मुठभेड़ में राकेश यादव के दाहिने पैर में गोली लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश यादव पुत्र मुरलीधर यादव, सुग्रीव यादव पुत्र रामसुभग यादव, सुनील यादव पुत्र स्व. संतराज यादव और राकेश यादव पुत्र स्व. संतराम यादव के रूप में हुई है। चारों जमोहरा गांव के निवासी हैं।
पुरानी रंजिश में खेत पर हुआ था खूनी संघर्ष, दो की गयी थी जान
पुलिस के मुताबिक बीते 15 नवंबर को जमोहरा गांव के बाहर खेत की जुताई कर रहे प्रहलाद यादव, रामकेश यादव, सहसराम यादव और घनश्याम यादव पर पुरानी रंजिश को लेकर हमला किया गया था। आरोपियों ने लाठी-डंडे, बल्लम, फरसा और अवैध असलहों से हमला किया था। इस दौरान गोली लगने से प्रहलाद यादव और रामकेश यादव की मौत हो गई थी जबकि सहसराम और घनश्याम गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
दो तमंचे, कारतूस एवं लाठी बरामद
प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल रामाज्ञा सिंह और एसओजी प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को धनघटा थाना परिसर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई लाठी बरामद की। वहीं मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार राकेश यादव के कब्जे से .12 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है। पुलिस अधीक्षक संदीप मीना के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में मेंहदावल पुलिस और एसओजी टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।











