आबकारी निरीक्षक के संरक्षण में कम्पोजिट शराब की दुकान बनी ‘मॉडल शॉप’
शाम ढलते ही लगने लगता है शराबियों का जमावड़ा
तेजस टूडे सं.
अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। जनपद के बीबीडी थाना क्षेत्र अनौरा में संचालित कम्पोजिट शराब की दुकान इन दिनों नियम-कानूनों को ताक पर रखकर कथित रूप से “मॉडल शॉप” के रूप में संचालित की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान पर शाम ढलते ही शराबियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है जिससे आस—पास का वातावरण पूरी तरह दूषित हो रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि शराब की दुकान के ठीक बगल में अस्पताल संचालित है जहां आने वाली महिलाओं, मरीजों एवं उनके तीमारदारों को भारी असुविधा और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात तक शराबियों की भीड़, अभद्र भाषा और हुड़दंग से अस्पताल परिसर का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे स्थित दुकान के बाहर शराबियों द्वारा बेतरतीब तरीके से गाड़ियां खड़ी कर दी जाती हैं जिससे आए दिन लंबा जाम लग जाता है। राहगीरों, मरीजों को ले जा रहे वाहनों और स्कूली बच्चों तक को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्यवाही करने के बजाय मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक अरविन्द बघेल के कथित संरक्षण के चलते दुकान संचालकों के हौसले बुलंद हैं और शिकायतों को दबा दिया जाता है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध रूप से संचालित हो रही “मॉडल शॉप” पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और आम जनता को राहत मिल सके। वहीं भारतीय किसान क्रांति यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव अजय सिंह तथा प्रदेश प्रवक्ता शिवभूषण ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर कार्यवाही न होने की दशा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरना-प्रदर्शन करेंगे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA







