गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा

  • गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा

  • मानवता एवं भाईचारे का दिया गया संदेश

  • श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकला नगर कीर्तन

  • प्रकाश पर्व पर होगा भव्य आयोजन एवं लंगर

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। देव दीपावली एवं सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा एवं नगर कीर्तन निकाला गया। पिछले कई दिनों से चल रही प्रभातफेरी का यह अंतिम दिन था। शोभायात्रा धर्मशाला गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर मुगलसराय गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के लोगों ने शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट किया। इस दौरान निशान साहब की सेवा भी की गई।
कार्यक्रम में विधायक रमेश जायसवाल शामिल हुये जिन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की सभी को लख-लख बधाई देते हुए प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेवादार रंजीत सिंह ने बताया कि नौ दिवसीय प्रभातफेरी का समापन नगर कीर्तन के रूप में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में चढ़ीकला ग्रुप एवं कमेटी के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं सेवादार सरदार महेंद्र सिंह ने बताया कि 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मनाया जाएगा। इसमें बाहर से आए कीर्तन जत्थे भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद देर शाम तक गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर गुरदीप सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का सिद्धांत ‘एक ओंकार’ पूरी मानवता को एकता और समानता का संदेश देता है। उनके उपदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा साहिब के प्रधान रजीत सिंह, महेंद्र सिंह, सतनाम सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, मनमीत सिंह, राजा हरभजन सिंह, गगनदीप सिंह, मनीष सिंह एवं हरदीप सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।