गांधी मार्केट के पास सड़क पर दुकानों से लगा जाम
ई-रिक्शा चालकों को हो रही भारी दिक्कत
तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। पूरनपुर गांधी मार्केट के पास मुख्य सड़क पर दुकानदारों द्वारा सड़क तक दुकानें लगा देने से आए दिन जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक बाजार में आने-जाने वाले लोगों, पैदल यात्रियों और ई-रिक्शा चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क पर फैला रखा है। कहीं ठेले लगे हैं तो कहीं दुकानों के बाहर सामान रखकर रास्ता संकरा कर दिया गया है। ऐसे में दो ई-रिक्शा एक साथ नहीं निकल पाते और लंबी कतार लग जाती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।
ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि जाम के कारण उनका पूरा दिन बर्बाद हो जाता है। एक फेरा लगाने में ही आधे घंटे से ज्यादा समय लग जाता है। कई बार यात्रियों से बहस भी हो जाती है। वहीं पैदल चलने वालों को भी सड़क पर चलने की जगह नहीं मिलती। नगर के लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग किया कि गांधी मार्केट में अतिक्रमण हटवाकर सड़क को खाली कराया जाए। दुकानदारों को सड़क पर सामान न रखने के लिए सख्त निर्देश दिए जाएं, ताकि बाजार में आवागमन सुचारु हो सके और जाम से राहत मिल सके।











