Homeगोण्डाअर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने व आय बढ़ाने में भी टूरिज्म की अहम...

अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने व आय बढ़ाने में भी टूरिज्म की अहम भूमिका: सीएम

अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने व आय बढ़ाने में भी टूरिज्म की अहम भूमिका: सीएम

मुख्यमंत्री ने विश्व वेटलैंड्स डे पर गोण्डा में ‘हम सभी के भविष्य के लिये आर्द्रभूमियों का संरक्षण’ विषयक कार्यक्रम का किया शुभारम्भ
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भूजल संरक्षण, सिंचाई-पेयजल की उपलब्धता, बाढ़ व सूखे पर नियंत्रण, कार्बन भंडारण व जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर निर्भर वनस्पतियों, वन्य प्राणियों, प्रवासी व स्थानीय पक्षियों के संरक्षण के साथ भोजन, औषधि, आजीविका व आय के संसाधन उपलब्ध कराने में इन वेटलैंड्स की बड़ी भूमिका है। केवल जलीय पारिस्थितिकी ही नहीं, बल्कि जीव-जंतु की पारिस्थितिकी भी इन वेटलैंड्स पर निर्भर करती है। यह प्रकृति के मूल स्वरूप की तरफ ध्यान आकर्षित करने का माध्यम भी बनती है। पार्वती और अरगा प्राकृतिक झील प्रकृति के मूल स्वरूप की तरफ हमारा ध्यान आकर्षित करते हैं। यह भारत के उस विरासत का प्रतीक है जो सरयू नदी के कारण सैकड़ों वर्ष पहले प्राकृतिक झील बना। इसका स्वरूप आज भी उसी रूप में है। यहां प्रवासी व स्थानीय पक्षी बैठे हैं। हजारों किमी. की दूरी तय कर वे हर बार यहां आते हैं। गर्मी बढ़ने पर अपने देश जाने लग जाएंगे। यह अपने साथ वहां की परिस्थितियों से भी हमें अवगत कराने को प्रेरित करती है। मुख्यमंत्री ने विश्व वेटलैंड्स डे पर रविवार को गोंडा के पार्वती अरगा पक्षी विहार में ‘हम सभी के भविष्य के लिए आर्द्रभूमियों का संरक्षण’ विषयक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न पुस्तकों का विमोचन, प्रदर्शनी का अवलोकन और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन एवं विदेश मंत्रालय भारत सरकार कीर्तिवर्धन सिंह, उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री एवं गोंडा के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पर्यावरण, वन, एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. अरुण सक्सेना, राज्य मंत्री वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय उत्तर प्रदेश सरकार केपी मलिक, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, कर्नलगंज विधायक अजय सिंह, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी, गोण्डा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, डीजी फारेस्ट सुशील अवस्थी, प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश शासन अनिल कुमार, मण्डलायुक्त देवीपाटन शशिभूषण लाल सुशील, डीआईजी अमित पाठक, डीएम नेहा शर्मा, एसपी विनीत जायसवाल सहित केंद्र एवं राज्य के कई अधिकारीगण व ईकोटूरिज्म में रूचि रखने वाले कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।

——इनसेट——
पर्यटन अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का माध्यम
सीएम ने कहा कि पर्यटन अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का माध्यम है। ईको, हैरिटेज, स्प्रिचुअल टूरिज्म रोजगार सृजन का भी बड़ा माध्यम बनता है। यहां से 20 किमी. दूर अयोध्या में 2016 में महज 2.35 लाख पर्यटक आए थे। हमारी सरकार ने वहां कनेक्टिविटी ठीक की, थोड़ी सुविधाएं बढ़ाईं तो 2024 में 16.11 करोड़ लोग यहां आए। इससे रोजगार में काफी वृद्धि हुई। गाइड, रेस्तरां, टैक्सी, होटल, होम स्टे, टेंट सिटी, फूल-पत्ती, व्यवसाय आदि के जरिए भी लोगों का रोजगार बढ़ा।

——इनसेट——
पुत्र के रूप में हमारा दायित्व है मां की सुरक्षा करना
सीएम ने कहा कि धरती हमारी माता है। पुत्र के रूप में मां का संरक्षण व सुरक्षा करना हमारा दायित्व है। अक्सर ऐसी साइट अतिक्रमण की चपेट में आती है। बेरतरतीब निर्माण कार्य होता है जिससे पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित होता है। अनेक वेटलैंड इसके दुष्परिणाम भुगत रहे हैं। इससे जीव-जंतुओं की प्रजातियां भी नष्ट होती हैं। इसी को ध्यान में रखकर रामसर अंतरराष्ट्रीय वेटलैंड कन्वेंशन (यह ईरान के अंदर है) में 1971 में तय हुआ था कि दुनिया को बचाना है तो इस पर ध्यान देना होगा। सीएम ने कहा कि आजादी के बाद मात्र 23 रामसर साइट्स तैयार हुए थे। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में 10 वर्ष में इसे बढ़ाकर 89 तक पहुंचाने में सफलता हासिल की गई। यूपी में भी इस साइट्स के संरक्षण के निरंतर प्रयास करने पड़ेंगे।

——इनसेट——
आत्मनिर्भरता की दिशा में बहुत बड़ा काम कर सकती है महिला स्वयंसेवी समूह
सीएम ने कहा कि पार्वती अरगा वेटलैंड्स में आसपास के गांवों को जोड़ने और महिला स्वयंसेवी समूह को प्रोत्साहित करते हुए अमेजन के साथ मिलकर उनके उत्पादों को ऑनलाइन बिक्री हो सके, इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने प्रयास प्रारंभ कर दिया है। अभी तक उत्पाद अच्छा बनता था लेकिन मार्केटिंग व पैकेजिंग समस्याएं थीं। अब अच्छी पैकेजिंग हो रही हैं, मार्केटिंग के लिए ऐसी संस्थाएं भी आ रही हैं। महिला स्वयंसेवी समूह आत्मनिर्भरता की दिशा में बहुत बड़ा काम कर सकती है।

——इनसेट——
यूपी में 8 वर्ष में किये गये 210 करोड़ पौधरोपण
सीएम ने कहा कि यूपी सरकार के नेतृत्व में हुए प्रयास से यूपी का ग्रीन कवर बढ़ा है। आठ वर्ष में 210 करोड़ पौधरोपण किया गया। इसमें 70 फीसदी पौधे सुरक्षित हैं। कहीं-कहीं अच्छे जंगल भी बन चुके हैं। अच्छा फॉरेस्ट कवर भी हुआ है। गोरखपुर में जटायु संरक्षण केंद्र भी बनाया गया है। विश्वास जताया कि वनाच्छादन की वृद्धि में नए प्रयास निरंतर आगे बढ़ेंगे।

——इनसेट——
मुख्यमंत्री ने तीन पुस्तकों का मंच से किया विमोचन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से तीन पुस्तकों का विमोचन किया। उन्होंने पुस्तक 85 रामसर फैक्ट, पार्वती अरगा की प्रबन्धन योजना एवं गोंडा जिला प्रशासन द्वारा तैयार की गई पुस्तक “वन टांगिया: संघर्ष से सशक्तिकरण तक” का विमोचन किया। यह पुस्तक जनपद के 5 वनटांगिया गांवों में रहने वाले परिवारों के जीवन में आए परिवर्तन को दर्शाती है। इसमें उनके संघर्ष, सामाजिक एवं आर्थिक विकास तथा सरकारी योजनाओं के प्रभाव को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। यह दस्तावेज वनटांगिया समुदाय के सशक्तिकरण की प्रेरणादायक गाथा को उजागर करता है जो प्रशासनिक प्रयासों और जनसहभागिता के माध्यम से संभव हुआ। यह पुस्तक समाज के वंचित वर्गों के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

——इनसेट——
सीएम के हाथों सम्मानित हुईं विजेता
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया। पुरस्कार स्वरूप 3 प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सीएम व केंद्रीय मंत्री ने पुरस्कृत किया। तीनों प्रतियोगिताओं की विजेता बालिकाएं ही रहीं। तीनों चित्रकला प्रतियोगिता में श्रद्धा मौर्या (कक्षा-8) विजयी रहीं। इन्हें 3 हजार रुपये, स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। क्विज की विजेता अदिति लांगोरी (कक्षा-9) को तीन हजार रुपये, स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र दिया गया। नुक्कड़ नाटक की विजेता अर्चिता सिंह (कक्षा-12) 20 हजार रुपये, स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

——इनसेट——
टिकरी जंगल को ओपन सफारी योजना में किया गया शामिल: कीर्ति वर्धन
इस दौरान केंद्रीय मंत्रिमंडल में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन व विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि हमारे इस पार्वती अरगा पक्षी विहार में 50 से अधिक प्रजातियों के एक लाख से अधिक संख्या में पक्षी आते हैं। अगर हम इन पक्षियों का रखरखाव व संरक्षण करें तो इस क्षेत्र को ईकोटूरिज्म का बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आस—पास के लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। केन्द्रीय मंत्रालय से आठ हजार हेक्टेयर में फैले टिकरी जंगल में ओपन सफारी योजना तैयार कर ली है। जिला प्रशासन द्वारा अरगा ब्रांड का अमेजॉन के साथ एमओयू साइन करने को लेकर बधाई दिया।

——इनसेट——
2019 में घोषित किया गया था रामसर साइट
2019 में पार्वती अर्गा पक्षी अभयारण्य को रामसर साइट घोषित किए जाने की प्रतिष्ठित मान्यता प्राप्त हुई। रामसर साइटें अंतरराष्ट्रीय महत्व की वेटलैंड्स हैं जिन्हें वेटलैंड्स पर रामसर कन्वेंशन के तहत मान्यता प्राप्त है। पार्वती अर्गा पक्षी अभयारण्य 10.84 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। किसी पक्षी अभयारण्य या किसी संरक्षित क्षेत्र का आकार महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि यह पक्षी प्रजातियों के लिए उपलब्ध स्थान और आवास को निर्धारित करता है।पार्वती अर्गा पक्षी अभयारण्य का 10.84 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पक्षियों की प्रजातियों को घोंसला बनाने, प्रजनन करने, आराम करने और मानवीय गतिविधियों से होने वाली परेशानी के बिना भोजन खोजने के लिए एक निर्दिष्ट स्थान प्रदान करता है। यह पक्षियों के लिए एक संरक्षित आश्रय के रूप में कार्य करता है और उनके संरक्षण और समग्र पारिस्थितिकी तंत्र के स्वास्थ्य में योगदान देता है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।

 JAUNPUR NEWS: Hindu Jagran Manch serious about love jihad

Job: Correspondents are needed at these places of Jaunpur

600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

Must Read