शादी समारोह में गरम तेल फेंकने का आरोप, तीन कारीगर झुलसे
बारात में मची अफरा-तफरी, मामूली कहासुनी के बाद हुई घटना
तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। शादी समारोह में टिक्की को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर घटना में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान एक महिला ने टिक्की बनाने वाले कारीगरों पर गर्म तेल फेंक दिया। इस घटना में 3 कारीगर गर्म तेल की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक दिनांक 21 नवंबर 2026 को मुरारी लाल पुत्र हीरा लाल के घर पर लड़की की बारात आई हुई थी। रात करीब 10:30 बजे बारात में मेहमान खाना खा रहे थे। इसी दौरान टिक्की को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि ग्राम ढकिया केसरपुर निवासी पुष्पा देवी पत्नी बंटू, वीरपाल पुत्र टीकाराम और एक अन्य व्यक्ति के बीच हुए विवाद के दौरान पुष्पा देवी ने टिक्की बनाने वाले कारीगरों पर गर्म तेल फेंक दिया। गर्म तेल की चपेट में आने से अरुण, बृजेश पुत्र वीर बहादुर और सुमित पुत्र रमेश झुलस गए। तीनों कारीगरों के झुलसने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शादी समारोह में हुई इस घटना ने खुशियों के माहौल को तनाव में बदल दिया। मामूली टिक्की विवाद में 3 कारीगरों के झुलसने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल घायलों की उपचार संबंधी स्थिति और पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।











