पतंग के मांझे की चपेट में आया बाइक सवार, गर्दन पर लगा गहरा घाव
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। रसूलपुर थाना क्षेत्र के नैनी ग्लास चौराहे के पास रविवार को पतंग के मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। अचानक गर्दन में मांझा उलझने से युवक को गहरा घाव हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार थाना उत्तर क्षेत्र के न्यू अंबेडकर नगर निवासी नीरज कुमार पुत्र रमेश चंद्र एस. राजीव ग्लास कारखाने में काम करता है। रविवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नैनी ग्लास चौराहे के पास सड़क किनारे कुछ लोग पतंग उड़ा रहे थे। तभी अचानक पतंग का मांझा उसकी गर्दन में फंस गया। मांझे से गर्दन पर गहरा कट लगने के कारण वह घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। घायल के भाई नरेंद्र कुमार ने बताया कि फोन पर हादसे की सूचना मिली थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने नीरज की गर्दन पर टांके लगाए हैं। फिलहाल उसकी हालत ठीक है और वह खतरे से बाहर बताया गया है। नरेंद्र के मुताबिक पतंग कौन उड़ा रहा था, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।











