सड़क सुरक्षा माह में वाहन चालकों को बांटे गये हेलमेट
यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को थाना रसूलपुर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर ने दोपहिया वाहन चालकों एवं आम लोगों को हेलमेट वितरित किए। इस दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने की सलाह दी। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और यातायात के अन्य नियमों का ध्यान रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हेलमेट का नियमित इस्तेमाल दोपहिया वाहन चालकों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना और जागरूकता के माध्यम से सड़क हादसों में कमी लाना रहा।











