HomeTrendingशादी समारोह में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आयी बग्गी

शादी समारोह में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आयी बग्गी

  • शादी समारोह में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आयी बग्गी

तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर बाजवा में शनिवार रात शादी समारोह के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा हो गया। घुड़चढ़ी के दौरान बैंड की बग्गी में करंट उतरने से दो बैंडकर्मियों की मौत हो गई जबकि बग्गी में लगी दो घोड़ियों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुभाष चंद्र की भतीजी निशा की शादी समारोह में घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। बारात मथुरा के फरह क्षेत्र से आई थी। समारोह में सिरसागंज कस्बे का जनता बैंड बुलाया गया था। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे घुड़चढ़ी के दौरान बैंड की बग्गी गांव में ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। बग्गी में करंट उतरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बग्गी पर मौजूद गायक पप्पू सिद्दीकी (45) निवासी मियां बाजार सिरसागंज और बैंडकर्मी अकील (42) निवासी नगला राधे थाना सिरसागंज की मौके पर ही मौत हो गई। बग्गी में लगी दोनों घोड़ियों की भी करंट से मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शादी समारोह में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

 

 

 

 

Must Read