पैथोलॉजी लैब से 1.70 लाख की चोरी का 12 घण्टे में हुआ खुलासा, 50 हजार बरामद
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। कोतवाली पुलिस ने पैथोलॉजी लैब से 1.70 लाख रुपये चोरी करने की घटना का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बंसल कॉलोनी निवासी कंचन ने 19 नवम्बर को लैब से रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी केतन सेन निवासी मसीहागंज, सीपरी बाजार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रभारी निरीक्षक अंजन सिंह के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनुज अवस्थी, कांस्टेबल पवन कुमार, रौबिन सिंह और देवेश कुमार शामिल रहे।











