HomeTrending29 नवम्बर को होगा दूसरा एसके लखनऊ मैराथन—2026

29 नवम्बर को होगा दूसरा एसके लखनऊ मैराथन—2026

  • 29 नवम्बर को होगा दूसरा एसके लखनऊ मैराथन—2026

तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय
लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ में फिटनेस और खेल भावना का उत्साह एक बार फिर देखने को मिलेगा। आगामी 29 नवंबर को दूसरे एस.के. लखनऊ मैराथन 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत, दौड़ेगा लखनऊ!’ रखी गई है जिसके माध्यम से युवाओं और आमजन को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ डिजिटल सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया जाएगा। इस मैराथन का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एंड रिसर्च (आईआईईएमआर) एवं संस्कृति युवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान और एस.के. फाइनेंस के सहयोग से किया जा रहा है।
मैराथन की शुरुआत लखनऊ के प्रमुख स्थल 1090 चौराहे से होगी जिसमें शहर के युवाओं, खेल प्रेमियों, फिटनेस उत्साहियों और विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों के शामिल होंगे। आयोजन को लेकर मुकेश मिश्रा आयोजक एस.के. लखनऊ मैराथन ने कहा कि “एस.के. लखनऊ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का एक अभियान है। इस वर्ष ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ थीम के माध्यम से हमारा प्रयास है कि दौड़ के जरिए युवाओं और आमजन तक डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन सतर्कता और साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाए। हमें विश्वास है कि लखनऊवासी पूरे उत्साह के साथ इस पहल का हिस्सा बनेंगे और इस आयोजन को एक नई ऊंचाई देंगे।”
मीनल द्विवेदी त्रिपाठी रेस डायरेक्टर एस.के. लखनऊ मैराथन ने कहा, “किसी भी मैराथन की सफलता केवल धावकों की संख्या से नहीं, बल्कि उनके उत्साह, अनुशासन और आयोजन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था से तय होती है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक प्रतिभागी को सुरक्षित, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण रनिंग अनुभव मिले। इस वर्ष ‘रन फॉर सेफ डिजिटल भारत’ थीम के माध्यम से हम फिटनेस के साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश भी देना चाहते हैं। हमें उम्मीद है कि लखनऊ के लोग पूरे जोश के साथ इस मैराथन में भाग लेकर इसे सफल बनाएंगे।” मैराथन में प्रतिभागियों के लिए तीन प्रमुख श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें 21 किलोमीटर लखनऊ हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और 5 किलोमीटर रन फॉर फन शामिल हैं। इन श्रेणियों के माध्यम से अनुभवी धावकों के साथ पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को भी अपनी फिटनेस और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष की थीम के माध्यम से डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य खेल और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से इस महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।मैराथन की सभी श्रेणियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं। प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी को रेस किट, इवेंट टी-शर्ट, आकर्षक मेडल और डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। निःशुल्क श्रेणी में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए भी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रहेगा।

 

 

 

 

Must Read