रोल प्रेक्षक ने मतदेय स्थलों का किया निरीक्षण
पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने के दिये निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी 2768 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित हुआ। अभियान के दौरान सभी निर्धारित बूथों पर संबंधित बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, नाम एवं विवरणों में संशोधन तथा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की कार्यवाही करते रहे। अभियान को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रोल प्रेक्षक राजेश कुमार द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेंट्रल एकेडमी स्कूल, आवास विकास कॉलोनी में स्थापित बूथ संख्या 249, 250 एवं 251, जयहिंद इंटर कॉलेज, आवास विकास में बूथ संख्या 252 एवं 253, रामसेवक इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग में बूथ संख्या 400, 401 एवं 402 तथा कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, बड़ेल में बूथ संख्या 384 एवं 385 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय, बड़ेल में बूथ संख्या 386, 387 एवं 388 का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त दावे एवं आपत्तियों तथा फार्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रियता से कार्य करें। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं ऐसे पात्र नागरिकों, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, को जागरूक करते हुए उनका पंजीकरण कराया जाय। विशेष अभियान दिवस के सफल संचालन के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह सहित संबंधित उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।











