किशोर किशोरी समूह के सर्वे में जानी स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत

नरैनी व महुआ ब्लाक के 6 गांवों में 124 किशोरियों पर किया सर्वे
95 फीसद किशोरों को आरकेएसके योजना की जानकारी नहीं
वनागंना व सहयोग संस्था ने किया जिला संवाद कार्यक्रम
रूपा गोयल
बांदा। वनागंना और सहयोग (लखनऊ) संस्था द्वारा जनपद के नरैनी व महुआ ब्लाक के 15 गांवों में तरंग मेरे सपने मेरी उड़ान कार्यक्रम चल है। गांव स्तर पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के तहत मिलने वाली सेवाओं की हकीकत जानने के लिए संस्था द्वारा समूह बनाकर 6 गांव का सर्वे कराया गया। जिलास्तरीय संवाद कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारियों के सामने यह रिपोर्ट पेश की तथा स्वास्थ्य संबंधी मांगे भी रखी गईं।
शुक्रवार को नरैनी रोड स्थित एक होटल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में लखनऊ से आईं पूनम ने सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि नरैनी लहूरेटा, जमवारा, पुकारी, शंकर बाजार गांवों में किशोरियों व युवतियों और महुआ ब्लाक के भवई व सराय जदीद गांवों में किशोर व युवाओं के समूह ने यहां राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मिलने वाली सेवाओं जानकारी ली गई। रिपोर्ट के मुताबिक 124 किशोरियों से आरकेएसके से 10 से 19 वर्ष तक किशोर-किशोरियों में एनीमिया की कमी को दूर करने के लिए प्रत्येक सप्ताह एक आयरन व फोलिक की गोली दी जाती है। पढ़ने वाली बच्चों को स्कूलों में तथा स्कूल न जाने वाले बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों में यह सुविधा मिलती है। प्रत्येक महीने किशोर स्वास्थ्य दिवस भी मनाया जाता है जिसमें स्वास्थ्य शिक्षा व सलाह दी जाती है। इसके लिए शिक्षकों, स्वास्थ्य कार्यक्रताओं व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
सर्वे में पाया गया कि 124 किशोरियों में महज 22 प्रतिशत किशोरियों को ही इसकी जानकारी है। 78 प्रतिशत को गोली के बारे में नहीं पता। इसी तरह पेट के कीड़े मारने के लिए एल्बेंडाजोल गोली साल में दो बार 10 फरवरी व 10 अगस्त को अभियान चलाकर खिलाई जाती है लेकिन 124 में से 69 फीसद किशोर-किशोरियों को इसके बारे में नहीं पता। पूनम ने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को सुधारने व इससे संबंधित समस्याओं को कम करने के लिए स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों तथा अन्य सामुदायिक माध्यमों से निशुल्क या सस्ती दरों पर किशोरियों को सेनेटरी पैड दिए जाते हैं लेकिन रिपोर्ट में सामने आया है कि 124 में सिर्फ चार किशोरियों को आरकेएसके टीम द्वारा स्कूल में सेनेटरी पैड मिले हैं। 120 किशोरियों को पैड नहीं मिला। स्कूल, आंगनवाड़ी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एनीमिया स्क्रीनिंग की सुविधा है लेकिन 85 प्रतिशत बच्चों को एनीमिया या उसके जांच की कोई जानकारी नहीं है। आरकेएसके तहत साथिया केंद्र संचालित हैं। यहां किशोरों को शारीरिक, मानसिक व प्रजनन स्वास्थ्य सहित समग्र स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाती है। परंतु 121 किशोरियों को साथिया केंद्र के बारे में नहीं पता।
रिपोर्ट के माध्यम से किशोर-किशारियों ने आरकेएसके के तहत मिलने वाली सेवाओं पर जागरूकता बढ़ाने के लिए अपनी मांगे रखीं। उन्होंने स्वास्थ्य कैंप लगाने, सेवाप्रदाताओं और तरंग समूह के कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाने में सहायता, काउंसलर के साथ जागरूकता बैठक, पियर लीडर्स के साथ मिलना, समुदाय में सेनेटरी पैड नियमित मिलना, आयरन गोली का वितरण, साथिया केंद्र के प्रति समुदाय में जागरूकता और सरकारी योजनाओं से किशोरियों को जोड़ना इत्यादि मांगे रखीं। कार्यक्रम में संस्था डारेकटर पुष्पा शर्मा ने अतिथियों का परिचय कराया। मंजू सोनी ने सभी का स्वागत किया और शबीना मुमताज ने संस्था व कार्यक्रम के उद्देश्य बताए।
अवधेश गुप्ता ने सभी का आभार जताया। मंच संचालन शोभा देवी ने किया। फरहा, कल्पना, माया व राजेंद्र ने व्यवस्था संभाली। सर्वे कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी पूजा अहिरवार, आरकेएसके डॉ. अर्चना, डॉ. सबीहा रहमानी, कामनी ठाकुर मौजूद रहीं। साथ ही पीएचसी नरैनी, पीएचसी बढ़ोखर के साथ आरकेएसके डाक्टर उपस्थित रहे। बांदा जिले में जमीनी स्तर पर काम करने वाली संस्थाओं के साथी महेंद्र, शिवकुमार, पंकज, राजाराम, हरीशंकर, आद्रार्शी, जितेंद्र शामिल रहे। 5 ग्राम पंचायत के प्रधान, टीचर्स, संकुल प्रभारी नरेनी, महुआ आशा बाहू, महिला मेट उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














