पदभार सम्भालते ही दिखा नवागंतुक डीएम का संवेदनशील अन्दाज
फरियादियों को सामने कुर्सी पर बैठाकर सुन रहे उनका दर्द
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद
श्रावस्ती। आम तौर पर सरकारी दफ्तरों में फरियाद लेकर पहुंचने वाले लोगों को अपनी बात कहने के लिए काफी इंतजार और परेशानियों का सामना करना पड़ता है लेकिन श्रावस्ती के जिलाधिकारी मनोज कुमार राय जनसुनवाई के दौरान फरियादियों को अपने सामने कुर्सी पर बैठाकर उनकी पीड़ा सुन रहे हैं। उनका यह सहज और संवेदनशील अंदाज न केवल फरियादियों को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर दे रहा है, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता भी मजबूत कर रहा है।
कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में शुक्रवार को आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक करके फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान भूमि पर अवैध कब्जे, राशन, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतें सौंपते हुए समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व, पुलिस, चिकित्सा सहायता, आवास, बिजली तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाय। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अधिकारी पीड़ितों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले जरूरतमंद फरियादियों को नियमानुसार तत्काल मदद उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। कुर्सी पर बैठाकर फरियाद सुनने की यह पहल भले ही देखने में छोटी लगे लेकिन आम आदमी के सम्मान और उसकी पीड़ा को महत्व देने का बड़ा संदेश देती है। प्रशासनिक पद की गरिमा के साथ मानवीय संवेदनशीलता का यह मेल जनसुनवाई को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन को राहत और भरोसा देने का माध्यम बना रहा है।











