परिवार एक पाठशाला है जहां मिलते हैं जीवन के संस्कार: इंदुरीकर महाराज
तेजस टूडे ब्यूरो
मुम्बई। प्रसिद्ध कीर्तनकार हरिभक्त परायण निवृत्ति देशमुख (इंदुरीकर महाराज) ने कहा कि परिवार एक ऐसी पाठशाला है जहां पति-पत्नी के रिश्ते, सास-बहू के संबंध, माता-पिता की सेवा, बच्चों को संस्कार देने और व्यसन से दूर रहने की सीख मिलती है। सुखी और खुशहाल जीवन के लिए पारिवारिक संस्कारों का होना बेहद जरूरी है। सावरकर फाउंडेशन की ओर से अंधेरी (पश्चिम) के सात बंगला स्थित कमला मेहता कॉलेज, म्हाडा ग्राउंड में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में इंदुरीकर महाराज ने भक्तों को अपने प्रवचनों के माध्यम से जीवन का सार समझाया। उन्होंने कर्म को प्रधान बताते हुए कहा कि कर्मयोगी व्यक्ति कभी दुखी नहीं होता। वह अपने कर्म और मेहनत के बल पर हर बाधा को पार करने की क्षमता रखता है।
महाराज ने विशेष रूप से वारकरी समाज के लोगों से अपनी परंपराओं और संस्कृति को संजोकर रखने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि माता-पिता की सेवा और उनका सम्मान किए बिना व्यक्ति कभी सुखी नहीं रह सकता। साथ ही संतों का सम्मान करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने भक्तों को व्यसन और अंधश्रद्धा से दूर रहने की सीख देते हुए कहा कि यदि जीवन को हंसता-खेलता और खुशहाल बनाना है तो माता-पिता की सेवा करें, अच्छे संस्कार अपनाएं और बुरी आदतों से दूर रहें। यही सुखी जीवन का मूल मंत्र है।
इस दौरान मुंबई उपनगर के पालकमंत्री एड. आशीष शेलार और कार्यक्रम आयोजक नगरसेवक रूपेश सावरकर ने इंदुरीकर महाराज के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद महाराज ने दोनों को आशीर्वाद देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कीर्तन और प्रवचन का लाभ लिया।











