जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित की गयी ईवीएम एवं वीवी पैट प्रदर्शन केन्द्र
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद
श्रावस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी निर्वाचन के दृष्टिगत मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवी पैट) की कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कार्यालय परिसर व तहसील कार्यालय भिनगा व इकौना में ईवीएम एवं वी0वी0पैट प्रदर्शन केन्द्र की स्थापना की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अधिकारी मनोज राय ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में स्थापित प्रदर्शन केन्द्र मे डमी वोट डाला। साथ ही कहा कि आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से ई0वी0एम0 एवं वी0वी0पैट प्रदर्शन केन्द्र शुरू कर दिए गए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को मतदान मशीनों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
उन्होंने जनपद के समस्त सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवा एवं प्रथम बार मतदान करने वाले नागरिको से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन प्रदर्शन केन्द्रों पर पहुंचें। यहाँ उपस्थित प्रशिक्षित कर्मियों के माध्यम से नागरिक स्वयं डमी वोट (मॉक पोल) डालकर यह देख और समझ सकते हैं कि ई0वी0एम0 के माध्यम से मतदान कैसे किया जाता है तथा वी0वी0पैट की स्क्रीन पर 7 सेकंड तक दिखने वाली पर्ची से अपने मत की पुष्टि कैसे की जाती है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ललित कुमार, उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, उपजिलाधिकारी श्रेया, प्रशिक्षु उपजिलाधिकारी दीक्षा अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











