डीएम ने 9 मतदान केन्द्रों के 23 बूथों का किया निरीक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने हमीरपुर, राठ और सरीला तहसील क्षेत्र के नौ मतदान केंद्रों के 23 बूथों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण कार्यों की हकीकत परखी। इस दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय नदना में बीएलओ श्याम करन अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं पर्यवेक्षण में लापरवाही मिलने पर एईआरओ (तहसीलदार) राठ को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय नदना, उच्च प्राथमिक विद्यालय स्वासा खुर्द, भस्मानंद इंटर कॉलेज निवादा, कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जल्ला, पीएनबी इंटर कॉलेज चिल्ली, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय दामूपुरवा, शत्रुघ्न सिंह इंटर कॉलेज राठ, उच्च प्राथमिक विद्यालय ममना और उच्च प्राथमिक विद्यालय धौहल सहित नौ मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, प्राप्त आवेदनों और मतदाता सूची की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ निर्धारित समय तक अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर मतदाताओं को सहयोग प्रदान करें। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को प्राथमिकता दी जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें। मतदान केंद्रों पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी और आवश्यक सहायता दी जाए। साथ ही मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाय। पात्र युवा और महिलाएं मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं नाम।
जिलाधिकारी अशोक कुमार ने जनपदवासियों से अपील किया कि वे स्वयं और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा फार्म-6 भरकर अपना पंजीकरण कराएं। वहीं नाम, पता या अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराएं। मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। यह केवल निर्वाचन विभाग की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार, पड़ोस सहित आस—पास के पात्र व्यक्तियों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना चाहिये।











