मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में जिले के 46 जोड़ों का हुआ विवाह
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद
श्रावस्ती। ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के तहत 46 जोड़ों का कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया गया जिसका अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्र, विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मनोज राय, मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्वलित करके शुभारम्भ किया। इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत, विधायक एवं जिलाधिकारी ने वर-वधुओं को प्रमाण पत्र व उपहार भेंट करके उन्हें आर्शीवाद प्रदान किया।
योजनान्तर्गत आच्छादित लोगों को उनकी सामाजिक/धार्मिक मान्यता एवं परम्परा/रीति-रिवाज के अनुसार विवाह करने की व्यवस्था कराकर समाज में सर्वधर्म-समभाव एवं सामाजिक समरसता के साथ वैवाहिक कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया है। जिपं अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार जन जन के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है। ऐसे गरीब असहाय व्यक्ति जो गरीबी के कारण अपनी बेटियों के विवाह करने में सक्षम नहीं है, आर्थिक बाधा के कारण दिक्कत आ रही थी, ऐसे पात्र गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी सरकार स्वयं के खर्च से कर रही है जिससे उनके माता-पिता के ऊपर बोझ न पड़ सके है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब व्यक्तियों के पुत्रियों का जो बीड़ा उठाया है, इससे निश्चित ही गरीबों को अपने बेटी की शादी के लिए अब चिन्तित नही होना पड़ेगा। उन्होने कहा कि इसकी जिम्मेदारी नोडल विभाग/समाज कल्याण विभाग को सौंपी गयी है जिसके माध्यम से पात्रों का चयन कर लाभार्थियों को लाभ दिलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने वर वधूओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। साथ ही कहा कि जनपद के ऐसे गरीब जो अपने निर्धनता के कारण बेटियों का विवाह करने में बहुत कठिनाई उठाते थे, इन्हीं सब कठिनाइयों को देखते हुए सरकार ने गरीब बेटियों का विवाह अपने खर्चे पर कर रही है जो ऐतिहासिक कदम है। यह योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत लाभार्थी जोड़ों को एक लाख रूपये की धनराशि प्रदान की जाती है जिसमें 60 हजार रूपये उनके खाते में हस्तानान्तरित किया जाता है तथा 25 हजार रूपये के उपहार एवं 15 हजार रूपये खाना, टेण्ट इत्यादि में व्यय होता है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अमरनाथ यति ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत आज कुल 46 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया है। इसमें अल्पसंख्यक वर्ग के 9, अन्य पिछड़ा वर्ग के 18, अनुसूचित जाति के 11, अनुसूचित जनजाति के 4 एवं सामान्य वर्ग के 4 जोड़े सम्मिलित है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख इकौना, खण्ड विकास अधिकारी इकौना/गिलौला सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











