जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक पीड़ित को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।जनसुनवाई के दौरान दिव्यांगजनों की सुगमता एवं सम्मानजनक पहुंच को विशेष प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी दिव्यांग फरियादी को जनसुनवाई में आने के लिए रेंगने अथवा असुविधाजनक स्थिति का सामना न करना पड़े। इसके लिए प्रवेश द्वार से ही पर्याप्त व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर के माध्यम से ससम्मान जनसुनवाई कक्ष तक पहुंचाएं। इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर को सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों को जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की असुविधा होना गंभीर विषय है। भविष्य में ऐसी स्थिति सामने आने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान शीतलपुर निवासी दिव्यांग फरियादी श्री संग्राम सिंह की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया तथा थाना प्रभारी हमीरपुर से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण में न्यायसंगत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई केवल शिकायतें सुनने तक सीमित न रहे बल्कि प्रत्येक फरियादी को उसकी समस्या के समाधान का भरोसा भी मिले। विशेषकर दिव्यांग वृद्ध एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को सुगम संवेदनशील एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।











