लला, राशन खत्म हो गयो… भिजवाय देओ
डीएम से बुंदेली में गुहार लगायी वृद्धा, दो साल से बन रहे सहारा
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। कांशीराम कॉलोनी में रहने वाली असहाय वृद्धा मुला देवी के लिए जिला प्रशासन किसी परिवार से कम नहीं है। पति के निधन के बाद पूरी तरह अकेली पड़ चुकी मुला देवी का सहारा पिछले दो साल से जिलाधिकारी राजेश पांडेय बने हुए हैं। वर्ष 2024 में जनसुनवाई के दौरान मुला देवी बिना किसी कागज के कलेक्ट्रेट पहुंच गई थीं। उन्होंने टूटी जाली, खराब दरवाजों और खाने की समस्या को लेकर अपनी व्यथा सुनाई। उनकी हालत देख जिलाधिकारी ने तत्काल टीम भेजकर आवास की मरम्मत कराई और जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए। कुछ समय बाद जब मुला देवी दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचीं तब भी उन्हें यह नहीं पता था कि उनकी मदद करने वाला व्यक्ति जिले का डीएम है। उनकी सादगी और असहाय स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने खुद उनके घर जाने का निर्णय लिया। होली के दौरान जब वे उनके घर पहुंचे तो हालात देखकर उन्होंने ठान लिया कि जब तक जिले में रहेंगे, मुला देवी की मदद करते रहेंगे तभी से यह सिलसिला लगातार जारी है। मुला देवी अक्सर कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी जरूरतों की सूची देती हैं। प्रशासन की ओर से उनकी सूची के अनुसार राशन और अन्य जरूरी सामान की किट बनाकर उनके घर पहुंचा दी जाती है। बृहस्पतिवार को भी मुला देवी कलेक्ट्रेट पहुंचीं और बुंदेली भाषा में बोलीं— “लला, राशन खत्म हो गओ… भिजवाय देओ।” उनकी बात सुनते ही डीएम ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश देकर राशन भिजवाने की व्यवस्था कराई। जब मुला देवी से पूछा गया कि उन्हें पता है कौन उनकी मदद करता है तो उन्होंने मासूमियत से जवाब दिया— “कलेक्ट्रेट में रहने वाले लला हर महीना सामान भिजवा देत हैं।” मुला देवी की यह कहानी न सिर्फ प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाती है कि एक जिम्मेदार अधिकारी किसी असहाय के लिए परिवार बन सकता है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



