हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी एवं पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने हेतु रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं व बच्चों सहित आम का बड़ा जनसमूह उपस्थित रहा। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के पूजन एवं आरती से हुआ, जिसके उपरान्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों, एनजीओ एराउज्ड ब्रेन सेंटर के दिव्यांग बच्चों, मेट्रो डांस अकादमी, पुलिसकर्मियों, उनके परिवार एवं अन्य लोगों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि परम्परागत रूप से जन्माष्टमी एक त्यौहार है जिसे पुलिस बहुत उत्साह से मनाती है। जगह-जगह प्रदेश के सभी पुलिस लाइन्स में जन्माष्टमी के पर्व हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। जनपद के प्रत्येक थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान किए गये और स्थानीय जन समुदाय के साथ मिलकर इस पर्व को हर्षोल्लास से मनाया। प्रत्येक थाने में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष पूजा, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। पुलिस बल ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे जिले में चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखी गयी जिससे जनपदवासी इस पर्व को सुरक्षित और सुखद तरीके से मना सकें। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधिकारीगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति अपने परिवार के साथ उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









