निबन्ध लेखन में दिखा युवाओं का उत्साह, एआई एवं मानसिक स्वास्थ्य पर हुई चर्चा
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 बच्चों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर महाराज सिंह इंटर कॉलेज में 10 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले मन जागृति अभियान के तहत निबंध लेखन प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में 65 छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 बच्चों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के मानसिक स्वास्थ्य नोडल अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने किया।
इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. श्रीप्रकाश गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता हरीश कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग, पढ़ाई का दबाव, अकेलापन और नशे की लत के कारण युवाओं में तनाव, अवसाद, नींद की कमी और चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है। उन्होंने नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी।मॉनिटरिंग एंड इवैल्युएशन ऑफिसर मुकेश कुमार हँस ने आधुनिक तकनीक व मानसिक स्वास्थ्य पर विचार रखते हुए कहा कि एआई ने काम आसान किया है लेकिन स्क्रीन का बढ़ता समय मानसिक तनाव बढ़ा रहा है। मानसिक शांति के लिए बीच-बीच में गैजेट्स से दूरी बनाकर परिवार के साथ समय बिताना जरूरी है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भारत सरकार की निशुल्क मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन टेलीमानस 14416 और टेलीमानस ऐप की जानकारी दी गई जिसके जरिए विशेषज्ञ परामर्श लिया जा सकता है। अंत में हस्ताक्षर अभियान चलाकर जागरूकता का संकल्प लिया गया। इस दौरान वार्ड असिस्टेंट मनीष सिंह की व्यवस्थाओं को सुचारू रखने में प्रमुख भूमिका रही। इस अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।













