शालिनी बायी गयीं जेडीयू की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट
राष्ट्रीय स्तर पर मिली नयी जिम्मेदारी, लोगों ने दी बधाई
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने संगठनात्मक विस्तार के तहत उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार विधान परिषद सदस्य आफाक अहमद खान द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई जिसमें शालिनी जी को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया गया है। प्रदेश स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष रखने का अवसर मिला है। राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट के रूप में वह विभिन्न मीडिया मंचों पर जेडीयू की नीतियों, विचारधारा, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के दृष्टिकोण को प्रस्तुत करेंगी। इस नियुक्ति को बुंदेलखंड के राजनीतिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। शालिनी जी को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने की सूचना से बांदा सहित पूरे बुंदेलखंड में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।











