संगम सेवा ट्रस्ट ने दुर्गा पूजन के साथ शुरू किया निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
सुमेरपुर, हमीरपुर। स्थानीय कस्बे में दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर संगम सेवा ट्रस्ट द्वारा नगर की माताओं एवं बहनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह दुर्गा चालीसा पाठ एवं मां दुर्गा के पूजन-अर्चन के साथ विधि-विधान से किया गया। संगम सेवा ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सिलाई का हुनर सिखाकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को तीन माह तक सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे वे हुनर सीखकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।
ट्रस्ट की ओर से महिलाओं को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए उन्हें रोजगार से जोड़ने की भी योजना बनाई गई है। इसके तहत पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित संबंधित सरकारी योजनाओं के माध्यम से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में मार्गदर्शन एवं सहयोग देने की योजना है, ताकि इच्छुक महिलाएं अपना रोजगार शुरू कर सकें।संगम सेवा ट्रस्ट का मानना है कि महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार से जोड़ना समाज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकार की पहल से महिलाएं अपने कौशल का उपयोग कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ स्वावलंबन की ओर भी बढ़ सकती हैं।
दुर्गा अष्टमी पर शुरू की गई यह पहल महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में संगम सेवा ट्रस्ट का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस अवसर पर संस्थाध्यक्ष अजय प्रजापति, अनन्त राम शिवहरे, शिवकुमार, राहुल, आलोक, कशिश, प्रिया, शिवानी, नैन्सी, स्नेहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।













