गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के मैनेजमेंट गुरुओं के आगे शासनादेश को नहीं मानती सलोन की बीईओ सुधा
अवैध विद्यालयों को सिक्कों की खनक में अभयदान देने से शिक्षा विभाग की हो रही किरकिरी
अनुभव शुक्ला/संदीप पाण्डेय
सलोन, रायबरेली। एक तो नीम ऊपर से चढ़ा करेला, जी हां कुछ ऐसा ही माजरा है यहां एक तरफ बिना मान्यता प्राप्त विद्यालयों में दाखिला लेकर छात्र छात्राओं के भविष्य से शिक्षा माफिया खेल रहे हैं। उधर नौनिहालों को खटारा अनफिट डग्गामार वाहनों से सड़कों पर ढोकर नौनिहालों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। किंतु पर्स की मोटाई बढ़ते ही शिक्षा विभाग का तेवर ठंडा पड़ गया और क्षेत्र के शिक्षा माफियों को छात्र छात्राओं के भविष्य व जान से खिलवाड़ करने की खुली छूट दे दी। खाकर संविधान की कसम बेंच दें जमीर तो सरकार क्या करे, जब रक्षक ही बन जाएं भक्षक तो विश्वास किस पर करें। यह कहावत सलोन के शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर इसलिए बिल्कुल सही चरितार्थ साबित हो रही है क्योंकि जिन जिम्मेदारों के हाथों में छात्र छात्राओं के भविष्य को संवारने वालों की रखवाली का जिम्मा सौंपा गया था आज वही पर्दे के पीछे से छात्र छात्राओं के भविष्य को लेकर खलनायक की भूमिका अदा कर रहे हैं। अभी हाल ही में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा एक आदेश जारी किया गया था जिसमें किसी भी हालत में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर शिकंजा कसने का जिम्मेदारों को आदेश दिया गया था किंतु सलोन की खंड शिक्षा अधिकारी सुधा वर्मा शायद माध्यमिक शिक्षा परिषद के आदेश को मैनेजमेंट गुरुओं के आगे नहीं मानती हैं। बताते चलें कि सलोन ब्लाक क्षेत्र में लगभग एक दर्जन अवैध विद्यालय संचालित हैं। जिसमें से कई तो बिना मान्यता के ही वर्षों से चल रहे हैं और कई विद्यालय तो प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल तक की मान्यता लेकर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट तक की कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। लगातार शिक्षा माफियों के कारनामों की जानकारी होने के बावजूद सलोन की खण्ड शिक्षा अधिकारी सुधा वर्मा मूकदर्शक बनकर शिक्षा माफियों के कारनामों का तमाशा देख रही हैं। चर्चा है कि खण्ड शिक्षा अधिकारी व गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालकों के बीच मोटी डील हुई है। जिसके चलते इन्हें एक वर्ष के लिए प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी अभयदान दे दिया गया है। बताते चलें कि सलोन ब्लाक क्षेत्र में ही बेबी का़सेप्ट स्कूल पूरे रामलीला खैरहनी पहाड़गढ पारी सलोन जोकि पूरी तरह से गैर-मान्यता प्राप्त होकर जुगाड़ू तंत्र पर चल रहा है। सलोन कस्बे में स्थित अल्फा कान्वेंट स्कूल जिसकी मान्यता प्राइमरी तक होने के चर्चे हैं और कक्षाएं हाइस्कूल से लेकर इंटरमीडिएट तक संचालित हैं, वहीं गुड लक पब्लिक स्कूल बिटियन का पुरवा नहेर पर ऊसरी सलोन, आदर्श पब्लिक स्कूल पूरे मंशा शुक्ल दुबहन मान्यता जूनियर हाईस्कूल तक की है और कक्षाएं इंटरमीडिएट तक संचालित हैं। सूर्यदीन शिक्षा निकेतन पूरे शुक्ल दुबहन जिसकी मान्यता प्राइमरी तक है और कक्षाएं इंटरमीडिएट तक संचालित हो रही हैं। वहीं कमालगंज में कृष्णा पब्लिक स्कूल जोकि पूरी तरह से गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। वहीं सहारा पीडी स्कूल जोकि सिरसिरा में मौजूद है जिसकी प्राइमरी तक की मान्यता प्राप्त है और इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित है। वहीं करहिया बाजार में डीडी पब्लिक स्कूल संचालित है जोकि गैर मान्यता के ही स्कूल वर्षों से चल रहा है। मोद्दीनगर धरई में संचालित सती अनसुईया स्कूल जिसकी मान्यता प्राइमरी तक है और संचालित इंटरमीडिएट तक है ऐसे ही लगभग एक दर्जन से अधिक गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालय गुप-चुप तरीके से संचालित हैं। आखिर शिक्षा विभाग के कमाऊ पुत्र बने गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालकों पर जिले के आला अधिकारी कार्यवाही करेंगे या फिर शासन के आदेश को ताक पर रखकर धड़ल्ले से अवैध विद्यालय संचालित रहेंगे यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
संलिप्तता की बात गलत, गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर जल्द होगी जिले स्तर से कार्यवाही: बीएसए
इस बाबत जिले के तेजतर्रार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सलोन ब्लाक क्षेत्र में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन की जानकारी मिली है। सलोन की खण्ड शिक्षा अधिकारी की संलिप्तता की बात गलत है। जल्द ही गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर जिला स्तर से प्रभावी कार्यवाही की जायेगी।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










