HomeTrendingराम एवं कृष्ण दो नहीं, बल्कि एक हैं, इन्द्रेश जी महाराज

राम एवं कृष्ण दो नहीं, बल्कि एक हैं, इन्द्रेश जी महाराज

  • राम एवं कृष्ण दो नहीं, बल्कि एक हैं, इन्द्रेश जी महाराज

  • श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन उमड़े करीब 30 हजार श्रद्धालु

तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान बांदा के तत्वावधान में जेएन कॉलेज मैदान में चल रही 5 दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शनिवार को भक्ति, रस और आध्यात्मिक संवाद का अद्भुत संगम देखने को मिला। दो दिन तक माता शबरी का पावन चरित्र सुनाने के बाद पूज्य इंद्रेश जी महाराज ने तीसरे दिन भक्ति मार्ग और पुष्टि मार्ग के जहाज कहे जाने वाले महान संत श्री सूरदास जी के चरित्र का शुभारंभ किया। कथा श्रवण के लिए पंडाल में 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी जिनकी अनुशासित और शांत सहभागिता देख स्वयं महाराज जी भी गदगद हो उठे। इस मौके पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कथा पंडाल में पहुंचकर व्यास पीठ को प्रणाम किया और भक्तों को संबोधित किया।
व्यास पीठ से पूज्य इंद्रेश जी महाराज ने वर्तमान समय में प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाओं को लेकर किए जाने वाले अनावश्यक विवादों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राम और कृष्ण में कोई अंतर नहीं है, दोनों एक ही तत्व हैं। भगवान श्रीराम के नयन धीर-गंभीर हैं जबकि श्रीकृष्ण की लीलाएं मधुर और चंचल हैं। ब्रजवासियों, अयोध्यावासियों और चित्रकूटवासियों के बीच युगों से राम-कृष्ण को लेकर मीठी नोकझोंक चलती रही है लेकिन सियासी स्वार्थ के लिए प्रभु की लीलाओं का गलत अर्थ निकालकर विवाद खड़ा करना कतई उचित नहीं है।

इंद्रियों की सच्ची तृप्ति का मर्म समझाते हुए महाराज जी ने श्रीमद्भागवत के वेणुगीत ष्अक्षण्वतां फलमिदं न परं विदामःष् का संदर्भ दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य चाहे अपनी आंखों को स्विट्जरलैंड, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, कश्मीर, मनाली या समुद्र की कितनी भी सुंदरता दिखा ले लेकिन ये नेत्र तब तक बेचैन रहेंगे जब तक इन्हें श्याम सुंदर या श्री राघवेंद्र सरकार के दर्शन नहीं हो जाते। इसी तरह कान ठाकुर जी के वचनामृत के बिना, हाथ प्रभु के चरण स्पर्श के बिना और जिह्वा टिक्की-भल्ला या लस्सी से नहीं, बल्कि ठाकुर जी के अधरामृत प्रसाद के बिना कभी तृप्त नहीं हो सकती। महाराज जी ने दिल्ली और मथुरा के बीच स्थित सीही ग्राम में संत सूरदास जी के प्राकट्य के साथ उनके जीवन प्रसंग की शुरुआत किया।

अखिलेश जी चाहें तो सैफई में करायें कथा मगर धार्मिक आयोजनों में विघ्न बर्दाश्त नहींः केशव मौर्य
कथा के तीसरे दिन मंच पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने व्यास पीठ को नमन करते हुए कहा कि जब कथा चल रही हो और भक्त सुनने को आतुर हों तो किसी राजनेता को भाषण नहीं देना चाहिए, बल्कि कथा श्रवण करना चाहिए। समयाभाव के कारण वे पूरी कथा नहीं सुन सके लेकिन महाराज जी के आने से पूर्व ही पंडाल पहुंचकर उन्होंने भक्तों का उत्साह देखा। विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आज देश और प्रदेश में भव्य कथाएं हो रही हैं लेकिन कुछ राजनीतिक विरोधियों को इससे परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यदि सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी यहां कथा करा रहे हैं तो अखिलेश यादव जी आप भी सैफई में कथा करा लीजिए, हमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन यदि कोई कथा कराए और उसमें विघ्न डालने का प्रयास किया गया तो भाजपा की डबल इंजन सरकार में किसी को भी कथा या धार्मिक यात्रा में बाधा डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। भव्य मंदिरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला का मंदिर बन चुका है और काशी में बाबा विश्वनाथ धाम का बड़ा हिस्सा निर्मित हो गया है। मथुरा का संदर्भ देते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत मेरे कान्हा का मंदिर भी बनकर रहेगा और सत्य की विजय में कोई बहुत देर तक बाधा नहीं डाल सकता। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए कहा कि जो कथा सुनता है, वह कमल का बटन ही दबाता है। इस दौरान उन्होंने चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत की शिवभक्ति की सराहना करते हुए बताया कि बाबा भोलेनाथ की भक्ति में लीन विधायक जी ने लगभग दो वर्षों से अन्न ग्रहण नहीं किया है। अंत में उन्होंने ष्राधे-राधेष्, जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ सभी भक्तों के मनोरथ सिद्ध होने की कामना किया।

जब तराजू पर तुलने बैठे तुलसीदास व सूरदास
संत सूरदास जी और गोस्वामी तुलसीदास जी की प्रगाढ़ मित्रता का अत्यंत रोचक और भावपूर्ण प्रसंग सुनाते हुए महाराज जी ने पूरे पंडाल को मंत्र—मुग्ध कर दिया। उन्होंने बताया कि एक बार तुलसीदास जी ब्रजमंडल में सूरदास जी से मिलने पहुंचे। आत्मीय चर्चा के बीच दोनों में अपने-अपने आराध्य को लेकर मीठी नोकझोंक छिड़ गई। तुलसीदास जी ने कहा कि आपके ठाकुर तो केवल बंसी बजाते हैं, रक्षा के लिए हमारे धनुर्धारी राघव जी की शरण में आ जाइए। इस पर सूरदास जी ने उत्तर दिया कि आपके ठाकुर को धनुष उठाना पड़ता है, हमारे श्याम सुंदर तो वेणु की ध्वनि से ही शत्रुओं को सुला देते हैं। निष्कर्ष निकालने के लिए पेड़ पर एक तराजू लटकाया गया। एक पलड़े पर तुलसीदास जी ष्जय हो मेरे श्री सीतारामष् कहकर बैठे जबकि दूसरे पलड़े पर नेत्रहीन सूरदास जी जय हो मेरे गोपाल जी कहकर विराजमान हुए। थोड़ी देर में तुलसीदास जी का पलड़ा भारी होकर नीचे आ गया और सूरदास जी हवा में ऊपर लटक गए। इससे रूठकर सूरदास जी अपनी कुटिया में जाकर रोने लगे और ठाकुर जी को उलाहना दिया कि छह वर्ष की आयु में घर छोड़ दिया, नेत्रहीन होने की कभी शिकायत नहीं की। आपने कंस-पूतना का वध किया और उंगली पर गिरिराज उठाया, पर आज तुलसीदास जी के आगे हल्के पड़कर मेरी नाक कटवा दी। तब नन्हे गोपाल जी प्रकट होकर सूरदास जी की गोद में बैठे और मुस्कुराते हुए समझाया, ष्बाबा, दो भारी होते हैं कि तीन?

 

 

 

 

Must Read