HomeTrendingबांदा में प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर महिलाओं ने निकाली जागरूकता रैली

बांदा में प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर महिलाओं ने निकाली जागरूकता रैली

  • बांदा में प्लास्टिक उन्मूलन को लेकर महिलाओं ने निकाली जागरूकता रैली

  • 1 दिसम्बर से बाजार में शुरू होगा शाम का कूड़ा संग्रहण

तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में बांदा स्वच्छता एवं दैनिक सहकारी समिति की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक उन्मूलन एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से बाजार क्षेत्र के दुकानदारों एवं आम नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए जागरूक किया गया। जागरूकता रैली नगर पालिका परिषद से प्रारंभ होकर जिला परिषद चौराहा, गोलनाका गेट के अंदर से सब्जी मंडी रोड, महर्षि देवी चौराहा, कोतवाली रोड एवं फूल वाली गली होते हुए पुनः नगर पालिका परिषद पहुंची। इस दौरान दुकानदारों को सूचित किया गया कि 1 दिसंबर से प्रतिदिन शाम 6 बजे से 8 बजे तक नगर पालिका की कूड़ा संग्रहण गाड़ी बाजार क्षेत्र में पहुंचेगी। दुकानदारों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों का सूखा कचरा अलग-अलग बोरियों या पात्रों में एकत्रित करके रखें और नगर पालिका की स्वच्छता सखी गाड़ी में ही डालें।
एकत्रित कचरे को एमआरएफ सेंटर भेजा जाएगा जहां प्लास्टिक, पन्नी एवं अन्य सूखे कचरे को अलग-अलग करके रिसाइक्लिंग की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। इससे कचरे का उचित निस्तारण होने के साथ महिलाओं के लिए रोजगार और आजीविका का अवसर भी तैयार होगा। रिसाइक्लिंग योग्य सामग्री की बिक्री से प्राप्त आय महिला स्वच्छता कर्मियों के वेतन एवं आजीविका में सहयोग करेगी। समिति की महिलाएं सुबह घर-घर जाकर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का कार्य करती हैं। अब इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए शाम के समय बाजार क्षेत्र में भी कूड़ा संग्रहण की जिम्मेदारी निभाएंगी।
रैली में नगर पालिका परिषद के डीपीएम, गार्बेज क्लिनिक के मैनेजर हिमांशु शुक्ला, आईसी टीम के मैनेजर अंकित अंबेडकर, स्वच्छता सहकारी समिति की अध्यक्ष प्रीति साहू, सचिव अनामिका, नैंसी सहित स्वच्छता सखियां एवं वाहन चालक मौजूद रहे। महिलाओं ने दुकानदारों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित वाहन में ही दें, ताकि बांदा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

 

 

 

 

Must Read