उप राष्ट्रपति का अयोध्या आगमन की तैयारी में जुटा रेलवे
15 अप्रैल को प्रस्तावित है वेंकैया नायडू का अयोध्या दौरा
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के अयोध्या आगमन की तैयारी रेलवे की ओर से आरंभ कर दी गई है। उप राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ आगामी 15 अप्रैल को अयोध्या आ रहे हैं। वह करीब 4 घंटा रामनगरी में बिताएंगे। इस दौरान वह रामलला का दर्शन-पूजन करने के साथ मंदिर निर्माण की प्रक्रिया से भी अवगत होंगे। उप राष्ट्रपति के प्रोटोकाल के अनुसार रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी, जिसे सुनिश्चित कराने के लिए रेलवे की ओर से निर्देश जारी कर दिया गया है।
उप राष्ट्रपति 14 अप्रैल को लखनऊ पहुंच जाएंगे जहां से दूसरे दिन स्पेशल ट्रेन से अयोध्या की यात्रा आरंभ करेंगे। अयोध्या जंक्शन पर उनके स्वागत की तैयारी चल रही है। शुक्रवार को रामनवमी को लेकर अयोध्या में हुई मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल होने पहुंचे मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रतीक श्रीवास्तव ने भी उप राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय रेल अधिकारियों से वार्ता की। वीवीआइपी कार्यक्रम को निर्विघ्न संपन्न कराने के साथ उप राष्ट्रपति के गरिमामय स्वागत की तैयारी करने का निर्देश दिया। तैयारी का जायजा लेने के लिए समय-समय पर मुख्यालय से अधिकारियों का आगमन भी होगा। शनिवार को रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक अजय सिंह ने अयोध्या जंक्शन का निरीक्षण किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के आगमन पर हुई व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उप राष्ट्रपति के स्वागत की तैयारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। रामलला का दर्शन पूजन करने के उपरांत उप राष्ट्रपति वाराणसी जाएंगे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।