कर्नलगंज तहसील में जनसमस्याओं का हुआ गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण
तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के क्रम में कर्नलगंज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तहसील करनैलगंज सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा अशोक कुमार ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की। समस्याओं के त्वरित एवं गुणवक्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया। अधिकारीगणों द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के सम्बन्ध में उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों से अधिकारी एवं कर्मचारीगणों को अवगत कराते हुये प्रार्थना-पत्रों की समयबद्ध जांच, कार्यवाही एवं समस्याओं के निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। डीआईजी अशोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक प्राप्त प्रार्थना पत्र का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी गोण्डा प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल,राजस्व, पुलिस सहित अन्य विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।









