बीएलपीएस पब्लिक स्कूल में हुआ कार्यक्रम
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र स्थित बी.एल.पी.एस. पब्लिक स्कूल में “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” के उपलक्ष्य में आयोजित 7 दिवसीय योग शिविर के छठे दिन प्रातःकाल विद्यालय परिसर में योगाभ्यास हुआ। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन तथा अनुलोम-विलोम सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के माध्यम से सभी को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
प्रधानाचार्या सपना श्रीवास्तव ने सभी को संबोधित करते हुए बताया कि योग की परम्परा अत्यन्त प्राचीन है और इसकी उत्पत्ति हजारों वर्ष पहले हुई थी। स्वामी विवेकानन्द ने शिकागो के धर्म संसद में अपने ऐतिहासिक भाषण में योग का उल्लेख कर सारे विश्व को योग से परिचित कराया। महर्षि महेश योगी, परमहंस योगानन्द, रमण महर्षि जैसे कई योगियों ने पश्चिमी दुनिया को प्रभावित किया और धीरे-धीरे योग एक धर्मनिरपेक्ष, प्रक्रिया-आधारित धार्मिक सिद्धान्त के रूप में दुनिया भर में स्वीकार किया और प्रत्येक वर्ष की 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।
अंत में विद्यालय के विशिष्ट सलाहकार अधिवक्ता विकास श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शाजिया, समिया, श्रद्धा मिश्रा, ममता श्रीवास्तव, दीपा, शिखा, पूजा सिंह, कुलदीप शुक्ला, ज्योति सोनी, नेहा श्रीवास्तव, दुर्गेश कुमारी, अंचल, राजकुमार, दिनेश, रामप्रकाश, पप्पू, गुड़िया, सोनी, श्यामकली सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।









