तेजस टूडे ब्यूरो सुधीर सोनी गोण्डा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर पीएसी लाइन परिसर में कमांडेंट त्रिभुवन सिंह के निर्देशन में अधिकारियों एवं जवानों द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल CYP का सामूहिक अभ्यास किया गया। योगाचार्य सुधांशु द्विवेदी ने योगाभ्यास के विभिन्न चरणों का विधिवत प्रशिक्षण दिया तथा नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कॉमन योग प्रोटोकॉल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए निर्धारित 45 मिनट की मानक योग श्रृंखला है। अभ्यास सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। कमांडेंट ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। योगाचार्य ने बताया कि योगाभ्यास में उपस्थित सभी कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में योगमय वातावरण देखने को मिला तथा सभी ने स्वस्थ जीवन, अनुशासित दिनचर्या और सकारात्मक सोच के लिए नियमित योग करने का संदेश दिया।