पितृ पक्ष समाप्त होते ही हथिया राम मठ में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां तेज
मां सिद्धिदात्री एवं बुढ़िया माई का धाम दुल्हन की तरह सजा
तेजस टूडे ब्यूरो
हथियाराम, गाजीपुर। पितृ पक्ष की समाप्ति के साथ ही शारदीय नवरात्रि के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर के प्रसिद्ध आध्यात्मिक एवं धार्मिक केंद्र सिद्ध पीठ श्री हथिया राम मठ में नवरात्रि पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मां सिद्धिदात्री और बुढ़िया माई के पावन प्रांगण को आकर्षक ढंग से सजाकर भक्तिमय वातावरण तैयार किया गया है। पूरे मठ परिसर की सजावट देखते ही बन रही है, मानो मां के स्वागत में पूरा धाम दुल्हन की तरह सज गया हो।
पीठाधीश्वर पूज्य गुरुदेव भगवान ने तैयारियों का किया निरीक्षण
सिद्धपीठ श्री हथियाराम मठ के पीठाधीश्वर प्रातः स्मरणीय, सतत वंदनीय पूज्यपाद गुरुदेव भगवान ने नवरात्रि पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों का स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साज-सज्जा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तैयारियों को देखकर वे संतुष्ट नजर आए। पूज्य गुरुदेव भगवान के मार्गदर्शन में मठ परिसर को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है जिससे नवरात्रि के पावन अवसर पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और भक्ति का विशेष अनुभव प्राप्त हो सके।
आस्था, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का केन्द्र बनेगा मठ
नवरात्रि का पर्व मां भगवती की आराधना, शक्ति उपासना और आध्यात्मिक साधना का विशेष अवसर माना जाता है। पितृ पक्ष की समाप्ति के बाद मां दुर्गा की उपासना के इस पावन पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। सिद्धपीठ श्री हथियाराम मठ में भी मां सिद्धिदात्री और बुढ़िया माई के दर्शन-पूजन के लिए भक्तिमय माहौल बनने लगा है। मठ परिसर की भव्य सजावट और पूज्य गुरुदेव भगवान के निर्देशन में की जा रही तैयारियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक आस्था से जुड़े इस पावन धाम में नवरात्रि के दौरान मां भगवती की आराधना के साथ भक्तिमय वातावरण रहने की उम्मीद है। सिद्ध पीठ श्री हथियाराम मठ एक बार फिर नवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था, श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के प्रमुख केंद्र के रूप में श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए तैयार है।













