HomeTrendingकृषि विज्ञान केन्द्र में मनाया गया आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि विवि का 52वां...

कृषि विज्ञान केन्द्र में मनाया गया आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि विवि का 52वां स्थापना दिवस

  • कृषि विज्ञान केन्द्र में मनाया गया आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि विवि का 52वां स्थापना दिवस

  • आचार्य जी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके किया गया नमन

  • वैज्ञानिकों ने आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार एवं किसान कल्याण पर दिया जोर

तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या का 52वां स्थापना दिवस मनाया गया। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सी.पी.एन. गौतम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी स्मृतियों को ताजा किया गया तथा प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी एवं शिक्षाविद् आचार्य नरेंद्र देव के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया। इस दौरान वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। शिक्षा और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में योगदान को किया याद कार्यक्रम में कृषि अभियांत्रिकी वैज्ञानिक डॉ. देवेश कुमार ने आचार्य नरेंद्र देव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।

आचार्य जी के आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत
उद्यान विज्ञान के वैज्ञानिक डॉ. तरुण कुमार ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव के आदर्श आज भी समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। एग्रोनॉमी वैज्ञानिक डॉ. डी.के. मौर्य ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव के विचारों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए तथा समाजहित में कार्य करना चाहिए। आधुनिक कृषि तकनीकों से मजबूत होगी किसानों की आर्थिक स्थिति कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. अभिनव सिंह ने कृषि शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा नवीन कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। साथ ही कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और कृषि विकास को गति देने के लिए आधुनिक तकनीकों को किसानों तक पहुंचाना आवश्यक है। बीज उत्पादन किसानों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान का बनेगा आधार आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन वैज्ञानिक डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव के विचारों से प्रेरणा लेकर किसान बीज उत्पादन के क्षेत्र में आगे बढ़ें तो यह उनके आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान में मील का पत्थर साबित हो सकता है। वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं किसानों की रही सहभागिता कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों, कर्मचारियों एवं किसानों ने सहभागिता की। इस अवसर पर आचार्य नरेंद्रदेव के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने तथा कृषि विकास, वैज्ञानिक अनुसंधान और किसान कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया।

 

 

 

 

 

Must Read