HomeTrendingपुरस्कार पाकर खिले कुम्हारों के चेहरे, तीन उत्कृष्ट शिल्पियों को मिला सम्मान

पुरस्कार पाकर खिले कुम्हारों के चेहरे, तीन उत्कृष्ट शिल्पियों को मिला सम्मान

  • पुरस्कार पाकर खिले कुम्हारों के चेहरे, तीन उत्कृष्ट शिल्पियों को मिला सम्मान

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। कुम्हारी कला को प्रोत्साहन देने, पारंपरिक शिल्प को संरक्षित करने तथा कुम्हार परिवारों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से देवीपाटन मंडल में माटीकला पुरस्कार योजना के तहत उत्कृष्ट शिल्पियों को सम्मानित किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में फाइन आर्ट विशेषज्ञों की समिति ने तीन उत्कृष्ट शिल्पियों का चयन किया। सभी चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि के चेक, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किये गये।
उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड के तत्वावधान में यह कार्यक्रम परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग कार्यालय परिसर, 122 राजा मोहल्ला में आयोजित किया गया। चयनित शिल्पियों में श्रावस्ती के वकील अहमद को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये, बलरामपुर के माता प्रसाद को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 12 हजार रुपये तथा गोण्डा के सत्य नारायण को तृतीय पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए गए। पुरस्कारों का चयन विषय विशेषज्ञों धर्मेन्द्र यादव, चन्द्रशेखर एवं राजेश कुमार की समिति ने शिल्पियों द्वारा प्रदर्शित कलाकृतियों के आधार पर किया।
इस मौके पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी देवीपाटन मंडल अजय सिंह ने माटी कला उद्यमियों को तकनीकी उन्नयन, नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपने उत्पादों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने पारंपरिक माटी कला को रोजगारपरक गतिविधि के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरएस श्रीवास्तव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी रोशनलाल पुष्कर, महेन्द्र मिश्र, वरिष्ठ सहायक केके आर्य, प्रधान सहायक गजेन्द्र सिंह, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक विनोद तिवारी सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में मुख्य अतिथि ने आयोजन की सफलता के लिए परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।

 

 

 

 

 

Must Read