पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग करने वाले को लगी गोली
तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र में चौको बाजार में हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त अंकित यादव पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर को राम प्रसाद यादव ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर सत्यम यादव, अंकित यादव समेत 11 नामजद आरोपितों ने उनके और उनके भाई प्रशान्त यादव पर हमला किया था। आरोप है कि दोनों को मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिराने के बाद लाठी-डंडों से पीटा गया जिसमें रामप्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में थाना जीयनपुर पर बीएनएस की धारा 3(5)/109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था।













