HomeTrendingमुख्यमंत्री के निर्देश पर खनन विभाग में हड़कम्प

मुख्यमंत्री के निर्देश पर खनन विभाग में हड़कम्प

  • मुख्यमंत्री के निर्देश पर खनन विभाग में हड़कम्प

  • निदेशक उज्ज्वल कुमार स्वयं उतरे मैदान में

  • महोबा के खनन अधिकारी पर निलम्बन की तलवार

तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और जमाखोरी पर लगाम कसने के लिए खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री के आदेश पर खनन निदेशक आईएएस उज्ज्वल कुमार स्वयं कई टीमों के साथ जिलों के दौरे पर निकल पड़े हैं। सुबह से ही महोबा में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। निदेशक के दौरे से खनन माफिया और पत्थर कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर एशिया की सबसे बड़ी पत्थर मंडी कहे जाने वाले महोबा के कबरई बाजार में निदेशक खनन ने छापा मारा। जांच के दौरान कई स्टोन क्रेशर पर स्वीकृत मानक से अधिक भंडारण पकड़ा गया। एनजीटी की गाइडलाइन को मानक मानकर वृहद परीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जिन क्रेशरों पर मानक से अधिक भंडारण मिला है, उन पर भारी जुर्माना लगेगा। छापेमारी के दौरान कानपुर रोड पर निदेशक उज्ज्वल कुमार ने स्वयं ओवरलोडिंग कर मौरंग ले जा रहे कई डंपर पकड़े। बिना सरकारी रॉयल्टी जमा किए मौरंग ले जा रहे ओवरलोड ट्रकों को जब्त किया गया।देर रात तक चेकिंग जारी रही।
आईएएस उज्ज्वल कुमार के साथ तीन दर्जन से अधिक कर्मचारी दो दिन से लगातार छापेमारी कर रहे हैं। जांच में महोबा के खनन अधिकारी राकेश बहादुर सिंह की पर्यवेक्षणीय विफलता पाई गई। सूत्रों के अनुसार खनन अधिकारी महोबा के निलंबन की संस्तुति की गई है। विभागीय कार्यवाही के साथ-साथ निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है। निदेशक के दौरे से पत्थर के अवैध खनन में महोबा खनन अधिकारी की कथित साठगांठ उजागर होने की चर्चा भी है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष विभागीय जांच के बाद ही सामने आएगा।
खनन निदेशक ने साफ कहा कि ओवरलोडिंग, अवैध खनन और लिमिट से अधिक भंडारण पर जीरो टॉलरेंस के तहत कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री के विभाग में लापरवाही और अवैध साठगांठ पर किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री के तेवर अवैध खनन को लेकर बेहद सख्त हैं। उन्होंने अवैध खनन रोकने और जमाखोरी पर लगाम कसने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। खनन विभाग ने कानपुर, हमीरपुर और महोबा में टास्क फोर्स बनाकर लगातार चेकिंग शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी इसी तरह की कार्रवाई की तैयारी है।अवैध खनन में लिप्त खनन अधिकारियों पर भी जल्द कार्रवाई की बात कही जा रही है। अब देखना यह होगा कि महोबा से शुरू हुई यह कार्रवाई सिर्फ एक जिले तक सीमित रहेगी या फिर बांदा, हमीरपुर, कानपुर सहित पूरे बुंदेलखंड में अवैध खनन के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई होगी? फिलहाल एक बात साफ है मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद खनन विभाग में अब लापरवाही की कोई जगह नहीं बची है।

 

 

 

 

Must Read