सरदार पटेल की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
जिलाधिकारी ने दिलायी राष्ट्रीय एकता की शपथ
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन हुआ जहां जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, अपर राजकुमार सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच एकता और सद्भाव का संदेश प्रसारित करने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल का देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं कुशल नेतृत्व से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। आज हम जिस एकीकृत एवं सशक्त भारत का स्वरूप देखते हैं, उसमें सरदार पटेल का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। राष्ट्र की प्रगति एवं विकास के लिए आपसी एकता, समरसता और बंधुत्व की भावना अत्यंत आवश्यक है। हम सभी को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में योगदान देना चाहिए। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, संप्रभुता एवं आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। हम सभी को जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्र से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।











