देवा मेले में बाल प्रतिभाओं ने बिखेरे हुनर के रंग

  • देवा मेले में बाल प्रतिभाओं ने बिखेरे हुनर के रंग

  • प्रतियोगिताओं में दिखी सृजनात्मकता की अनोखी छटा

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। देवा मेला एवं प्रदर्शनी के ऑडिटोरियम में बाल दिवस समारोह पर निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, वाद-विवाद एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। जनपद के विभिन्न विकास खंडों के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, प्राथमिक, कंपोजिट एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने जूनियर एवं सीनियर वर्ग में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य विभाग अच्छे लाल निषाद ने किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

नन्हीं प्रतिभाओं ने कलात्मक प्रस्तुतियों से मोहा मन
जूनियर वर्ग की प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक दक्षता का परिचय दिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विषयवस्तु की समझ, विचारों की स्पष्टता एवं भाषा कौशल का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को कागज पर जीवंत रूप प्रदान किया जबकि रंगोली प्रतियोगिता में रंगों के आकर्षक संयोजन एवं मनोहारी आकृतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने तार्किक विचारों, आत्मविश्वास और प्रभावशाली अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी बौद्धिक क्षमता प्रदर्शित किया। मेंहदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने आकर्षक डिजाइनों एवं बारीक कलात्मक आकृतियों के जरिए अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

निर्णायक मण्डल ने निभायी महत्वपूर्ण भूमिका
जूनियर एवं सीनियर वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन में बॉबी नकवी, सैय्यद सईदुल हसन एवं हसमत उल्ला ने निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए उनकी मौलिकता, कलात्मक अभिव्यक्ति, विषयवस्तु, तार्किक क्षमता एवं प्रस्तुतीकरण को आधार बनाया। इस अवसर पर वारसी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अखिलेश शुक्ला, स्टेट रिसोर्स पर्सन पद्मजा त्रिपाठी, जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी, दिवाकर अवस्थी, विजय प्रताप सिंह, सत्य प्रकाश वर्मा, अभिषेक सिंह, पूनम मिश्रा, सुषमा यादव सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।