HomeTrendingमिशन शक्ति को मिलेगी नयी रफ्तार, महिला सुरक्षा के लिये जालौन पुलिस...

मिशन शक्ति को मिलेगी नयी रफ्तार, महिला सुरक्षा के लिये जालौन पुलिस को मिलीं दो स्कूटी

  • मिशन शक्ति को मिलेगी नयी रफ्तार, महिला सुरक्षा के लिये जालौन पुलिस को मिलीं दो स्कूटी

  • इण्डियन बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक की सीएसआर पहल से उपलब्ध करायी गयी स्कूटी

  • स्कूल-कालेजों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में महिला पुलिस की गश्त होगी प्रभावी

तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा मिशन शक्ति अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट परिसर से महिला पुलिसकर्मियों की सुविधा एवं गश्त को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दो स्कूटी पुलिस विभाग को उपलब्ध कराईं। जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने हरी झंडी दिखाकर स्कूटियों को रवाना किया। ये स्कूटी इंडियन बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक द्वारा अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) इनिशिएटिव के तहत एक-एक उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भैया दूज के पर्व के बाद जनपद की माताओं एवं बहनों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद माधौगढ़ तहसील में अपना पहला थाना दिवस आयोजित किया था, उसी दौरान माधौगढ़ थाने में मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया तभी महिला पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और पहुंच को बेहतर बनाने के लिए स्कूटी उपलब्ध कराने का विचार आया था।
इसी क्रम में इंडियन बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से दो स्कूटी प्राप्त हुई हैं जिन्हें पुलिस अधीक्षक के माध्यम से आवश्यकता के अनुसार संबंधित थानों में उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि इन स्कूटियों से महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गश्त अधिक प्रभावी होगी। स्कूलों और कॉलेजों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने के साथ ही किसी भी शिकायत अथवा घटना की सूचना पर कम समय में मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने में भी मदद मिलेगी। पुलिस विभाग और विकास विभाग सहित सभी विभाग जिला प्रशासन के अभिन्न अंग हैं। विभागों के बीच बेहतर समन्वय और एक-दूसरे को आवश्यक सहयोग देने की भावना से यह पहल की गई है।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के प्रति संवेदनशील है। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। जिला प्रशासन के सहयोग से उपलब्ध कराई गईं दोनों स्कूटियों से महिला पुलिस कर्मियों की दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस में भी महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जा रही है जिससे शहर के प्रमुख चौराहों पर महिला कांस्टेबल भी ड्यूटी करती नजर आएंगी। स्कूटी के माध्यम से महिला पुलिसकर्मी एक से अधिक चौराहों एवं आसपास के क्षेत्रों में आसानी से पहुंच सकेंगी। इससे आवागमन करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत होगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

 

 

 

 

Must Read