राज्यमंत्री ने की विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक
सभी अधिकारी शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचायें
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि अधिकारी अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी के साथ करें।
कार्य के प्रति लगाव एवं लगन रहेगी तो गुणवत्तापूर्ण कार्य सम्पन्न होगा। उन्होंने कहा कि कार्य के प्रति उदासीनता नहीं होनी चाहिए। स्कूलों में पढ़ाई स्तर सुधरे, नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराई जाए एवं स्कूलों में छात्रों को उच्च स्तरीय पढ़ाई तथा संस्कार मिलें, इसका भरसक प्रयास किया जाना आवश्यक है। उन्होंने महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
प्रदेश की राज्यमंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार एवं जनपद की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ल बचत भवन सभागार में जनपद के विकास एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। बैठक में विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 वीरेन्द्र सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री ने कहा कि नल से जल योजना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता वाली योजना है, इसे ससमय प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। गांवों में शुद्ध पेयजल पहुचाना सरकार की वरीयता है, इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निर्देश दिये कि जनपद की गौशालाओं की देखभाल के लिए कार्यरत कर्मचारियों के कार्यों का नियमित रूप से अनुश्रवण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पशु इधर उधर भटकते न मिले।
इसी दौरान राज्यमंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री ने उद्योग से जुड़े उद्यमियों के साथ बैठक कीं जहां कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकताओं पर निस्तारण किया जाए। जहां फैक्ट्री आदि लगाया चाहते हैं। वहां पर समस्त समुचित व्यवस्थाए सुनिश्चित कराई जाएगी। सभी उद्यमी सामंजस्य बनाकर अपने क्षेत्रों से कार्य करें तथा उद्यमियों को सड़क, बिजली आदि जो समस्याओं का निस्तारण कराना सुनिश्चित किया जाय।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











