कोरी महासभा में मऊरानीपुर का बढ़ा कद, रामकिशोर को मिली राष्ट्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
मऊरानीपुर, झांसी। अखिल भारतीय कोरी महासभा दिल्ली (अभाक्स इंडिया) ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मऊरानीपुर निवासी वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रामकिशोर आर्य (आचार्य जी) को संगठन का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है।
उनकी नियुक्ति का आधिकारिक पत्र महासभा के राष्ट्रीय महासचिव विमल कुमार ने जारी किया जिसे राष्ट्रीय संयोजक महेश आर्य ने अनुमोदित किया है। मऊरानीपुर के रामकिशोर आर्य को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से झांसी अंचल सहित देश भर के कोरी समाज में खुशी का माहौल है। नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर आर्य ने कहा कि वह समाज की एकजुटता, युवाओं की शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और आर्थिक स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति पर समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जन प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।











