शाखा के माध्यम से विकसित होती है मैग्नेटिक फील्ड: क्षेत्र शारीरिक प्रमुख
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया विजयदशमी उत्सव
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। विजयदशमी उत्सव एवं संघ स्थापना दिवस नगर के किसान डिग्री कालेज में कार्यक्रम हुआ जहां मुख्य वक्ता क्षेत्र के शारीरिक प्रमुख अखिलेश जी ने कहा कि शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की पूर्णता पर स्वयंसेवकों में एक विशेष उत्साह और आनंद का भाव है। यह केवल एक कार्यक्रम की समाप्ति नहीं, बल्कि संघ के निरंतर विकास का एक पड़ाव है। संघ की कार्यपद्धति में छह उत्सवों स्थापना दिवस, मकर संक्रांति, वर्ष प्रतिपदा, हिंदू साम्राज्य दिनोत्सव, गुरु पूर्णिमा, रक्षाबंधन का विशेष महत्व है। ये उत्सव स्वयंसेवकों को वैचारिक अनुष्ठान और स्मरण से जोड़ते हैं।
शाखा संघ की शक्ति का केंद्र है, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने तरुण, बाल और शिशु स्वयंसेवकों को जोड़कर इस संगठन की नींव रखी थी। आज भी संघ का विस्तार इसी आयु वर्ग के साथ निरंतर जारी है।संघ का उद्देश्य केवल शाखा लगाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ना है। शाखा के माध्यम से एक ‘मैग्नेटिक फील्ड’ विकसित होती है जो समाज के नए बंधुओं को संगठन से जोड़ती है। संघ एक विशिष्ट वैज्ञानिक पद्धति और स्ट्रक्चर पर आधारित है। बस्तियों में शाखाओं का विस्तार और ‘वृहद सूची’ के माध्यम से समाज के प्रत्येक घर तक संपर्क बढ़ाना संघ की कार्ययोजना का हिस्सा है। संघ के कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के साथ जुड़कर, उच्च-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रभु श्री राम के चरित्र के अनुरूप समाज को संगठित करने का कार्य कर रहे हैं। संघ के स्वयंसेवकों को वर्तमान में हो रहे वैचारिक आक्रमणों के प्रति सजग रहना चाहिये।
कार्यक्रम में सह नगर संघचालक कमलशेखर, वरिष्ठ प्रचारक राज किशोर, विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार, जिला प्रचारक अजय, जिला कार्यवाह भूपेंद्र, नगर कार्यवाह शिवम, विभाग संपर्क प्रमुख धर्मेंद्र, विभाग प्रचार प्रमुख अतुल, जयसुखलाल, अमर, उत्तम, रमेश, नगर प्रचारक ध्यानवर्धन, विपिन जिला प्रचार प्रमुख सहित सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक बंधु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।













