HomeTrendingफाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से हुई झपटमारी घटना का हुआ अनावरण

फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से हुई झपटमारी घटना का हुआ अनावरण

  • फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से हुई झपटमारी घटना का हुआ अनावरण

  • नगदी 49,500, टैबलेट, घटना में प्रयुक्त 2 बाइक बरामद, 4 अभियुक्त गिरफ्तार

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा के पर्यवेक्षण में प्रभारी कोतवाली देहात दद्दन सिंह के नेतृत्व में फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से हुई झपटमारी की घटना का अनावरण करते हुए 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से झपटमारी की घटना से संबंधित 49,500 नकद, एक लेनोवो कम्पनी का टैबलेट तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
बता दें कि कम्पनी के कर्मचारी सतीश चन्द्र मोटरसाइकिल से बेड़नापुर क्षेत्र से बहराइच जा रहे थे कि इसी दौरान महाकाल पेट्रोल पम्प के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उन्हें धक्का देकर उनका बैग छीन लिया गया था जिसमें नगदी, एक टैबलेट, पावर बैंक तथा बायोमैट्रिक मशीन रखी हुई थी। उक्त घटना के संबंध में थाना कोतवाली देहात पर धारा 304(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये थे।
उक्त के क्रम में 21 अक्टूबर को थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त व भ्रमण कर रही थी कि इसी दौरान घटना के संबंध में मुखबिर से प्राप्त इनपुट के आधार पर पुलिस टीम द्वारा अहिरनपुरवा गोलवा से कहारनपुरवा जाने वाले मार्ग पर पहुंच तत्काल घेराबंदी की गयी तथा मौके से 4 व्यक्तियों को नियमानुसार हिरासत में लेकर तलाशी व पूछताछ की गयी। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से कुल 49,500 नकद एवं लेनोवो कम्पनी का एक टैबलेट बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान प्रकाश में आया कि अभियुक्तों को फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी के वसूली कार्य एवं उसके आने-जाने के मार्ग की जानकारी थी। इसी जानकारी के आधार पर अभियुक्तों ने आपस में योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया।
बीते 14 अक्टूबर को सतीश चन्द्र के वसूली कर बहराइच लौटते समय महाकाल पेट्रोल पम्प के पास उन्हें धक्का देकर उनका बैग छीन लिया गया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि छीनी गई धनराशि को अभियुक्तों ने आपस में बांट लिया था तथा बैग एवं बायोमैट्रिक मशीन को रास्ते में फेंक दिया था। पुलिस द्वारा बरामदगी एवं विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय रवाना किया गया।

 

 

 

 

 

Must Read